{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: भीषण गर्मी में पेयजल संकट, ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे किया जाम

भिवानी के अलखपुरा और बामला गांव में पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने तोशाम-हांसी और दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

 

भिवानी। भीषण गर्मी में पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। क्षेत्र के गांव अलखपुरा और बामला प्रथम में पानी की किल्लत को लेकर ग्रामीणों व महिलाओं ने दो अलग-अलग स्थानों पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। अलखपुरा में तोशाम-हांसी मार्ग करीब चार घंटे तक अवरुद्ध रहा जबकि बामला में दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709 ई पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद दोनों स्थानों पर जाम खुलवाया गया।

अलखपुरा गांव में पिछले करीब एक माह से पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण मंगलवार सुबह करीब 10 बजे सड़क पर उतर आए और तोशाम-हांसी मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। ग्रामीणों ने मटके फोड़कर प्रदर्शन किया और सड़क को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग के एसडीओ राकेश कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीओ ने नहर की सफाई करवाकर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। करीब दोपहर 2 बजे ग्रामीणों को समझाने के बाद जाम खुलवाया गया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सरपंच अभय सिंह ने बताया कि गांव में करीब 25 दिन से पेयजल आपूर्ति नहीं आ रही है। वहीं एसडीओ राकेश कुमार ने कहा कि जल्द ही जलघर के टैंक भरकर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

बामला प्रथम के लोगों ने लगाया दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर जाम
खरक। बामला प्रथम गांव में भी पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों और महिलाओं ने मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709 ई पर जाम लगा दिया। बामला बस स्टैंड के समीप ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर वाहनों की आवाजाही रोक दी। सूचना पर खरक पुलिस चौकी इंचार्ज धर्म सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब एक पखवाड़े से गांव में पानी की आपूर्ति ठप है और जलघर के टैंक सूखे पड़े हैं। ग्रामीणों के अनुसार नहर से पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण जलघर की आपूर्ति प्रभावित है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ मुकेश मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। एक बार जाम खुला लेकिन थोड़ी देर बाद ग्रामीण फिर हाईवे पर आ गए जिससे दोबारा यातायात बाधित हुआ। इसके बाद पुलिस ने समझाकर करीब एक घंटे बाद जाम पूरी तरह खुलवाया और यातायात बहाल कराया गया। एसडीओ मुकेश ने आश्वासन दिया कि पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान कर दिया जाएगा।