{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani News: बिजली कर्मचारियों ने निकाला मशाल जुलूस; पुरानी पेंशन बहाली और रिस्क अलाउंस सहित इन मांगों पर सरकार को घेरा

भिवानी में हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन ने मशाल जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली (OPS), ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग उठाई। जानें क्या है बिजली बोर्ड कर्मियों का अल्टीमेटम।

 

भिवानी। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन हेड ऑफिस भिवानी ने नेहरू पार्क से रोहतक गेट तक मशाल जुलूस निकालकर लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ रोष जताया। सर्कल सचिव मनोज बल्लू बामला के नेतृत्व में निकाले गए जुलूस में कर्मचारियों ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी लागू करने, कैशलेस मेडिकल पॉलिसी लागू करने, जोखिम भत्ता देने, पुरानी पेंशन बहाल करने तथा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग उठाई।

मनोज बल्लू बामला ने बताया कि यूनियन ने सब डिविजन, डिविजन, सर्कल, एमडी से लेकर एसीएस पावर तक विरोध प्रदर्शन किए हैं। पांच फरवरी को पंचकूला में एसीएस पावर कार्यालय पर भी प्रदर्शन किया गया था जहां एचवीपीएनएल के निदेशक सहित अन्य अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर आश्वासन दिया था कि एसीएस पावर के साथ अगले सप्ताह बैठक करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अब तक लंबित मांगों को लेकर कोई बैठक नहीं हुई है जिससे प्रतीत होता है कि सरकार कर्मचारियों की मांगों के प्रति गंभीर नहीं है।


उन्होंने स्थानीय मंत्री श्रुति चौधरी, सांसद धर्मबीर सिंह और राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी से मांग की कि निगम में स्टाफ की भारी कमी को दूर किया जाए। आने वाले गर्मी के मौसम में बिजली संबंधी शिकायतें बढ़ेंगी, जिन्हें निर्धारित समय में पूरा करना कठिन होगा और आमजन को परेशानी उठानी पड़ेगी। यूनियन ने मांग की कि अन्य सर्कलों में भेजे गए कर्मचारियों को उनके मूल स्थान पर वापस लाया जाए। इस अवसर पर ऋषिराम, सोमबीर सिंह, रमेश यादव, मोंटी कुमार, राकेश बलोदा सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।