{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Gas Crisis: भिवानी में गैस किल्लत से इंडक्शन चूल्हों की भारी डिमांड; शादियों के लिए राहत, आज से शुरू होगी कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई

भिवानी में घरेलू और कॉमर्शियल गैस की किल्लत के बीच इंडक्शन चूल्हों के दाम ₹2200 तक पहुंचे। प्रशासन ने शादियों के लिए 20% कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति को हरी झंडी दी है। जानें उद्योगों पर रिलायंस के कच्चे माल की कीमतों का असर और कांग्रेस का विरोध।

 

भिवानी। गैस किल्लत के बीच मार्केट में इंडक्शन चूल्हों की मांग अब बढ़ गई है। औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन पर भी असर पड़ा है। कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि होने से उत्पादन का काम धीमा हो गया है। वहीं खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा शिकायत दर्ज कराने के लिए जारी किया गया नंबर 01664-242125 भी बंद आ रहा है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अधिकारियों ने शनिवार को गैस वितरकों के गोदामों में सिलिंडरों के भंडारण की भी जांच की। वहीं विपक्षी दलों का विरोध भी गैस किल्लत पर बढ़ गया है।

कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने और घरेलू गैस की किल्लत को लेकर अब इंडक्शन चूल्हे की मांग बढ़ गई है। बाजार में पिछले एक सप्ताह भर में ही इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में तेजी आ गई है। जिसकी वजह से इनके दाम भी बढ़ गए हैं। इंडक्शन चूल्हा विक्रेता विनोद गोयल का कहना है कि हर रोज आठ से दस चूल्हे बिक रहे हैं। दुकानदारों के पास भी इनका ज्यादा स्टॉक नहीं बचा है, क्योंकि पहले बहुत कम इनकी खपत होती थी। ऐसे में दुकानदार भी अब इनका ऑर्डर कर नया माल मंगवाने में जुटे हैं। फिलहाल मार्केट में इडक्शन चूल्हा 1800 से बढ़कर 2200 रुपये तक बिक रहा है।


जिला कांग्रेस कमेटी पदाधिकारियों ने किया गैस एजेंसी का निरीक्षण

गैस को लेकर मारामारी के बीच शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी शहर की गैस एजेंसी पर पहुंचे, जहां पहले से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी थीं। कांग्रेस जिला शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया और जिला ग्रामीण अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने गैस एजेंसी संचालक से बात की और गैस की आपूर्ति को लेकर जानकारी जुटाई। इसके बाद लाइन में लगे लोगों से भी बात की। जिला शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम लोगों की समस्या नहीं समझ रहे हैं। विधायक और सांसद के घर में जब गैस की किल्लत बनेगी तब वे लोगों का दर्द समझेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गैस की आपूर्ति की बात कह रही है, लेकिन लाइनो में लगे लोगों को देख हकीकत कुछ और ही दिखाई दे रही है।

खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की तरफ से रोजाना ही गैस एजेंसियों के भंडारण और वितरण पर निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन की तरफ से भी नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। गैस वितरण का काम सामान्य तौर पर चल रहा है, किसी भी तरह की कोई किल्लत नहीं है। जो लोग गैस की बुकिंग करा रहे हैं, उन्हें निर्धारित अवधि में घर पर ही इसकी डिलीवरी भी मिल रही है। आम लोगों से भी आग्रह किया जा रहा है कि वे ऑनलाइन गैस की बुकिंग कराएं, एजेंसियों पर जाने की जरूरत नहीं है। शिकायत के लिए जारी नंबर में बीएसएनएल से कोई तकनीकी दिक्कत है जिसे दूर करा दिया गया है।

शादियों के लिए आज से 20 फीसदी कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति होगी शुरू कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति में अब थोड़ी ढील दी गई है। रविवार से शादियों में प्रयोग के लिए 20 फीसदी कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति शुरू की जाएगी। हालांकि औद्योगिक इकाइयों में भी आंशिक आपूर्ति की चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में उद्योगों को थोड़ी राहत मिलेगी वहीं विवाह के सीजन में इस तरह की ढील से शादी कार्यक्रमों में भी दिक्कत नहीं बनेगी। रविवार से खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की तरफ से कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी। जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी अपार तिवारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार से शादियों में प्रयोग के लिए कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति की अनुमति मिली है।

कच्चा माल की आपूर्ति से पड़ा उद्योगों पर असर

जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र जैन ने बताया कि कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों के बजाय रिलायंस की तरफ से कच्चा माल के दाम बढ़ाने की वजह से उद्योगों पर बुरा असर पड़ा है। पहले प्रति किलो फ्रेश दाना के 70 रुपये किलोग्राम दाम थे, अब कंपनी ने 170 रुपये कर दिए हैं। सीधे सौ रुपये की बढ़ोतरी से उद्योगों में कच्चे माल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। जिसकी वजह से उद्योगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।