6-Lane Overbridge Bhiwani News: डेढ़ साल में तैयार होगा साढ़े 1900 मीटर लंबा पुल, दिल्ली-राजस्थान रूट के वाहनों को मिलेगी राहत
भिवानी। शहर के चारों तरफ करीब 34 किलोमीटर लंबे बाईपास के हालुवास चौक पर 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले करीब साढ़े 1900 मीटर लंबे छह लेन ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होते ही अव्यवस्थाओं से घिर गया है। कंस्ट्रक्शन एजेंसी ने पाइल टेस्टिंग के बाद पिल्लर के लिए खोदे गए गड्ढों से निकली मिट्टी सड़क के आसपास छोड़ दी है।
भारी वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ रही है जबकि दोपहिया वाहन मिट्टी और रेत में फंस रहे हैं जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। ओवरब्रिज निर्माण के लिए पाइल टेस्टिंग का काम पूरा हो चुका है। इसके बाद पुल का डिजाइन तैयार किया जा रहा है। भिवानी-दादरी मार्ग पर गांव हालुवास के समीप बने बाईपास चौक पर दुर्घटना संभावित बिंदु होने के कारण ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-3 (एनएच-3) के दायरे में आने वाले भिवानी बाईपास के हालुवास चौक पर भिवानी-चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और नारनौल की ओर जाने वाले मार्गों की क्रासिंग होती है। यही मार्ग दिल्ली से लोहारू होते हुए पिलानी तक राजस्थान को भी जोड़ता है। बाईपास का हालुवास चौक भिवानी से चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और नारनौल जाने वाले मार्गों को दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709ई और 148बी से जोड़ने वाला प्रमुख चौराहा है। यहां बाईपास के अलावा विभिन्न मार्गों पर जाने वाले वाहनों की अत्यधिक आवाजाही रहती है।
पाइल टेस्टिंग के बाद नहीं हटाई सड़क से मिट्टी
कंस्ट्रक्शन एजेंसी ने हालुवास चौक बाईपास के दायरे में पुल निर्माण के लिए पाइल टेस्टिंग पूरी कर ली है। इसके बाद पिल्लर के लिए खोदे गए बड़े गड्ढों को भर दिया गया लेकिन खोदाई के दौरान निकली मिट्टी आसपास और सड़क पर ही छोड़ दी गई। वाहनों की आवाजाही के बीच यही मिट्टी धूल का कारण बन रही है।
यह पुल करीब 14 मीटर चौड़ा और 6 लेन का होगा। इसकी लंबाई करीब साढ़े 1900 मीटर रहेगी। दोनों तरफ सर्विस लेन भी तैयार की जाएंगी। पुल को डेढ़ साल की निर्धारित अवधि में तैयार किया जाना है। पाइल टेस्टिंग के बाद मिट्टी हटाकर वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता सुनिश्चित करना भी एजेंसी की जिम्मेदारी है।
देश के कई राज्यों को जोड़ने का सेतु है भिवानी का बाईपास
भिवानी का बाईपास हिमाचल, राजस्थान, दिल्ली, मेरठ, पंजाब के अलावा महाराष्ट्र तक सड़क मार्ग से जुड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है। बाईपास भिवानी के रास्ते कई राज्यों को आपस में जोड़ता है। हालुवास चौक पर वाहनों की अत्यधिक आवाजाही के कारण यहां यातायात में रुकावट की स्थिति बन रही थी। इसी के चलते चौक पर ओवरब्रिज का निर्माण शुरू किया गया है।
भिवानी बाईपास स्थित हालुवास चौक पर ओवरब्रिज निर्माण का काम चल रहा है। कंस्ट्रक्शन एजेंसी ने पाइल टेस्टिंग पूरी कर ली है। इसके बाद पुल की ड्राइंग तैयार कर विभाग से मंजूरी के लिए भेजी गई है। करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह पुल साढ़े 1900 मीटर लंबा और 14 मीटर चौड़ा 6 लेन होगा। अगर एजेंसी ने मिट्टी का उठान नहीं कराया है तो इस संबंध में निर्देश दिए जाएंगे। पुल निर्माण अवधि के दौरान वाहनों की आवाजाही के लिए अलग से रास्ता दिया जाएगा।