{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: बस हादसे में जिंदा जला CID जवान? शव की पहचान के लिए DNA टेस्ट

हंसी के मिलकपुर में प्राइवेट बस में लगी आग की गुत्थी अनसुलझी। 2 लोग जिंदा जले, सीआईडी जवान सुनील के शव की पहचान के लिए DNA सैंपल लिया गया। जांच जारी।

 

भिवानी: भिवानी से हांसी के लिए सोमवार रात रवाना हुई एक प्राइवेट बस में अचानक आग लगने से जिंदा जले एक युवक गांव बड़सी निवासी सी.आई.डी। पुलिसकर्मी सुनील बताया जा रहा है। मगर शव के अधिक जले होने के कारण उसके बेटे का डी.एन.ए। सैंपल लेने के लिए मंगलवार को उसे हिसार बुलाकर सैंपल लिया है।

बता दें कि हांसी के गांव मिलकपुर के पास सोमवार रात हुए इस हादसे की गुत्थी 24 घंटे बाद भी अनसुलझी है। हादसे में 2 लोग जिंदा जल गए जबकि 11 यात्री गंभीर घायल हैं। शव इस कदर जल चुके हैं कि उनकी पहचान करना नामुमकिन हो गया है। अब पुलिस डी.एन.ए. जांच के जरिए पहचान करने में जुटी है। सुनील पुलिस के गुप्तचर विभाग में बवानीखेड़ा में तैनात है। सोमवार रात से लापता है। सुनील के भाई अनिल ने बताया कि सुनील रोज सरकारी बस से मिलकपुर आता था और वहां खड़ी अपनी कार से घर जाता था।

सोमवार शाम 7.28 बजे के बाद से उसका फोन बंद है। सुनील हरिद्वार जाने की बात करता रहता था। इसलिए उनको आस है कि वह हादसे में बच गया होगा। वहीं, एक अन्य परिवार भिवानी अस्पताल पहुंचा है। उनका सदस्य हिसार के एक निजी अस्पताल में कार्यरत है और वह भी सोमवार रात से लापता है। अंदेशा है कि बस में मिले दोनों शव इन्हीं दोनों के हो सकते हैं। जांच अधिकारी ए.एस.आई. नीर सिंह ने बताया कि अभी तक हादसे के कारणों का कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरूआती तौर पर कुछ लोग इसे आसमानी बिजली गिरने से जोड़ रहे हैं लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सी.सी.टी.वी. के माध्यम से जांच को आगे बढ़ा रही है। फिलहाल पूरा मामला रहस्य बना हुआ है और हर किसी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।