{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Bhim Stadium Athletics News: होटल में रुकने का दबाव और फटी मैट, भिवानी स्कूल एथलेटिक्स मीट में बड़ा विवाद

भिवानी के भीम स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय स्कूल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहा। खिलाड़ियों ने खुराक भत्ता न मिलने और बदहाली के आरोप लगाए।
 

भिवानी। भीम स्टेडियम में आयोजित हरियाणा राज्य स्तरीय स्कूल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। कई जिलों के टीम इंचार्जों पर खिलाड़ियों को खुराक भत्ता न देने और मांगने पर प्रतियोगिता से बाहर करने की धमकी देने का आरोप लगा है। वहीं हाथ में लकड़ी की डंडी पकड़ाकर रिले रेस कराने का भी आरोप है।

नियमानुसार प्रत्येक खिलाड़ी को प्रतिदिन 200 से 250 रुपये खुराक भत्ता मिलना चाहिए था। लेकिन कई इंचार्जों ने खिलाड़ियों को यह भत्ता नहीं दिया। खिलाड़ियों को सरकारी धर्मशाला या स्कूल के बजाय निजी होटलों में रुकने के लिए मजबूर किया गया। उन्हें सरकारी व्यवस्था में रुकने पर प्रतियोगिता में प्रवेश न देने की धमकी दी गई।

मजबूरी में खिलाड़ियों को 1000-1500 रुपये प्रति रात अपने पैसे से होटल लेना पड़ा। इससे गरीब परिवार के खिलाड़ियों को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ। खेल इंचार्जों पर खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट न देने का भी आरोप है। लड़कियों के लिए चेंजिंग रूम नहीं बनाए गए और घटिया खेल उपकरणों से प्रतियोगिता कराई गई। खेल सुविधाओं की कमी से कई धावक मैदान में गिरकर चोटिल भी हुए जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए।

आयोजक ने किया खंडन
आयोजक जिला सहायक खेल अधिकारी प्रितपाल ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि तीन दिन तक प्रदेशभर से 2590 खिलाड़ियों ने मुक्केबाजी और एथलीट की विभिन्न आयु वर्ग की स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। प्रितपाल के अनुसार, तीन दिनों तक किसी तरह की कोई अव्यवस्था या खामी सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि अंतिम दिन खिलाड़ियों के मुकाबले होने के बाद इस तरह की बातें निराधार हैं। खेलों के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई थीं। स्टेडियम में सिंथेटिक्स एथलीट ट्रैक की मैट फटी होने के कारण खेल की व्यवस्था दूसरी जगह की गई थी।