{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani News: HSVP की लापरवाही से भिवानी की पॉश कॉलोनियों में गंदगी का अंबार, 3 साल से अटकी फाइल

भिवानी में HSVP और नगर परिषद की कागजी जंग का खामियाजा भुगत रही जनता। 3 साल से पॉश इलाकों में नहीं हुई सफाई, समाधान शिविर में गूंजा मुद्दा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

 

भिवानी। पॉश कॉलोनियों में दुकानें, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व अन्य तरह के भवन तैयार करने वाले एचएसवीपी की ढिलाई का खामियाजा आमजन भुगत रहे हैं। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) इन इलाकों की केवल सफाई का कार्य नगर परिषद को सौंपने के लिए फाइलें तैयार कर रहा है लेकिन करीब तीन साल से न तो फाइल ट्रांसफर हुई और न ही एचएसवीपी ने इन इलाकों की सफाई करवाई।

हालात ये शहर के पॉश इलाकों में शामिल पांच जगहों पर तीन साल से गंदगी के ढेर लगे हैं। वहां के जगह अलॉट कराने वाले ही खुद सफाई करवाकर कचरा नगर परिषद के प्वाइंटों पर पहुंचा रहे हैं। कायदे से एचएसवीपी नगर परिषद को केवल सफाई का कार्य ही नहीं सौंप सकती बल्कि अन्य कार्य जिनमें बिजली, पानी की सप्लाई, सीवर, सड़कें, शौचालय व अन्य चीजें सौंपनी होती है। नगर परिषद उन सभी चीजों को टेक ओवर करेगी। उसके बाद ही उन जगहों पर सफाई या अन्य कार्य हो सकते हैं। जब तक ये कागजी कार्रवाई पूरी नहीं हो जाती। तब तक एचएसवीपी को ही सफाई करवानी होती है लेकिन तीन साल से केवल नप को फाइल भेजने का बहाना बनाकर एचएसवीपी अपनी जिम्मेदारियों से बच रहा है। इस मामले को वीरवार को जिला प्रशासन के समाधान शिविर में पार्षद संदीप यादव ने उठाया।

पार्षद ने विगत में एचएसवीपी से इस बारे में जवाब मांगा था। जिस पर एचएसवीपी की तरफ से बताया गया कि वे सफाई का कार्य नगर परिषद को सौंपने जा रहे हैं। पार्षद ने सीटीएम को बताया कि किसी भी सरकारी एजेंसी का इस तरह का जवाब नहीं बनता। एचएसवीपी जानबूझकर अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहा है।