{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Opposition Protest: भिवानी में डीसी ऑफिस के सामने कांग्रेस और वामदलों का उग्र प्रदर्शन, काला दिवस मनाया

भिवानी में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में इंडिया गठबंधन के नेताओं ने प्रदर्शन कर चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका और काला दिवस मनाया।

 

भिवानी में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तीखे विरोध में इंडिया गठबंधन के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वीरवार को उपायुक्त कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका गया। कांग्रेस, सीपीआईएम और सीपीआई के कार्यकर्ता पुराने बस स्टैंड से एकत्रित होकर जोरदार नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में डीसी कार्यालय पहुँचे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस प्रक्रिया के तहत भारी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम सूचियों से हटाए जा रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

📢 विपक्षी दलों का आरोप: करोड़ों मतदाता हुए प्रभावित, फॉर्म-6 के नियमों पर जताया असंतोष

इस संयुक्त प्रदर्शन की अध्यक्षता कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी, शहरी प्रधान प्रदीप गुलिया, सीपीआईएम जिला सचिव कामरेड ओम प्रकाश और सीपीआई जिला सचिव फूल सिंह इंदौरा ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान भिवानी पहुंचे गठबंधन प्रभारी आदित्य सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से देशभर में लगभग 13 करोड़ 30 लाख वोट प्रभावित हुए हैं और बिहार, असम व पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी बड़े पैमाने पर नाम काटे गए हैं। नेताओं ने कहा कि फॉर्म-6 के साथ अतिरिक्त दस्तावेज मांगने और नाम काटने की प्रक्रिया को लेकर जनता में गहरा असंतोष है। उन्होंने मांग की कि हटाये गए सभी पात्र मतदाताओं के नाम पारदर्शी तरीके से दोबारा जोड़े जाएं।

🖤 पुलिस कार्रवाई के विरोध में बांधी काली पट्टी, नेताओं ने की निंदा

गठबंधन नेताओं ने केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी के साथ पुलिस ने अनुचित व्यवहार किया तथा करीब 300 सांसदों को अवैध हिरासत में रखा गया। इस दमनकारी नीति के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने अपनी बाहों पर काली पट्टी बांधकर 'काला दिवस' मनाया। इस प्रदर्शन को पूर्व विधायक शिवशंकर भारद्वाज, कमल सिंह प्रधान, ईश्वर मान, संदीप तंवर, धीरज सिंह, समीर खट्टक, रूपेंद्र ग्रेवाल, कामरेड रवि खन्ना, सुखदेव पाल, नरेश तंवर, मास्टर जगरोशन, करतार ग्रेवाल और अनिल कुमार सहित कई प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया।