युवाओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ, My Bharat Portal से जुड़े 200 विद्यार्थी
भिवानी के महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय में 'नशा मुक्त युवा-विकसित भारत' अभियान के तहत 200 विद्यार्थियों का My Bharat पोर्टल पर पंजीकरण हुआ और नशा मुक्ति की शपथ ली गई।
भिवानी। महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के प्रसारण से हुई। इसके बाद युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से करीब 200 प्रशिक्षुओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को जीवन में कभी भी नशा नहीं करने तथा अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में भाषण, निबंध लेखन और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से नशे के सामाजिक और शारीरिक दुष्प्रभावों को उजागर किया।
प्राचार्य जगबीर सिंह ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा शक्ति से ही देश प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सकता है।
उप प्राचार्य डॉ. जगवीर सिंह मान ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाता है। इसलिए युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाना जरूरी है। इस अवसर पर एनएसएस अधिकारी मंजुबाला, सुरेंद्र सिंह, दीपिका, एनसीसी इंचार्ज डॉ. अशोक कादयान, डॉ. सतीश खरोलिया, रणधीर सामोता, प्रवीण यादव और मनोज कुमार मौजूद रहे।