{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन 17 जुलाई को, जानें क्या है खास

17 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे भिवानी में पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन। आयोजन में इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल कर पर्यावरण संरक्षण का देंगे संदेश।

 

भिवानी। मेडिकल कॉलेज उद्घाटन समारोह में प्रदूषण नियंत्रण का संदेश देने के लिए लोग इलेक्ट्रिक वाहनों या पैदल पहुंचेंगे। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने रविवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली 100 प्रतिशत प्रदूषण रहित हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से भिवानी के नवनिर्मित पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज और नारनौल के निकट गांव कोरियावास स्थित मेडिकल कॉलेज का भी उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के लोगों के लिए सौभाग्य की बात है।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया है और यह वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन केवल आधुनिक परिवहन का माध्यम नहीं बल्कि प्रदूषण नियंत्रण के प्रति लोगों को प्रेरित करने वाली पहल भी है। बढ़ता प्रदूषण आज देश और दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है। पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री जेपी दलाल, भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ और भाजपा जिलााध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक भी मौजूद रहे।

मेडिकल कॉलेज में लाइव दिखाया जाएगा प्रसारण
सांसद ने बताया कि 17 जुलाई को जींद में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सभी जिला मुख्यालयों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। भिवानी और नारनौल में मेडिकल कॉलेज उद्घाटन समारोह आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भिवानी में मिल्क प्लांट के पास स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदूषण वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती है और इससे निपटने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर आयोजित समारोह में सभी लोग इलेक्ट्रिक वाहनों से या पैदल पहुंचेंगे ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा सके। कार्यक्रम 17 जुलाई को सुबह 9 बजे शुरू होगा।

हर जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज स्थापित होना प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सांसद ने कहा कि किसी भी संस्थान में पहले आधारभूत ढांचा तैयार किया जाता है उसके बाद संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं और आवश्यकता के अनुसार स्टाफ की नियुक्ति होती है। उन्होंने कहा कि पहले देश में केवल 12 प्रतिशत डॉक्टर ही सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पढ़कर निकलते थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच के तहत प्रत्येक जिला मुख्यालय पर सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों और सरकारी अस्पतालों में अत्याधुनिक जांच मशीनें स्थापित की जा रही हैं। एक समय हरियाणा में केवल रोहतक में मेडिकल कॉलेज था जो बाद में पीजीआई बना।

अब प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज शुरू होने से चिकित्सकों की कमी दूर होगी और लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना स्वास्थ्य क्षेत्र में नए युग की शुरुआत है। सांसद ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति के संबंध में उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि नागरिकों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल और विनोद चावला भी मौजूद रहे।