भिवानी: मेडिकल कॉलेज में फार्मासिस्टों की भारी कमी, प्रशिक्षुओं के भरोसे दवा वितरण; मरीजों की लंबी कतारें
भिवानी के पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज में फार्मासिस्टों के 50% पद खाली होने से दवा वितरण केंद्र पर अव्यवस्था का आलम है। रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में प्रशिक्षु दवाएं बांट रहे हैं, जिससे गलत दवा मिलने का खतरा और मरीजों का इंतजार बढ़ गया है।
भिवानी। शहर के पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के दवा वितरण केंद्र पर फार्मासिस्टों की कमी बनी हुई है। इस कारण प्रशिक्षु ही मरीजों को दवा का वितरण कर रहे हैं। ऐसे में मरीजों को गलत दवाइयां दी जाने की आशंका भी बन रही है। इसके अलावा प्रशिक्षु मरीजों को दवा देने में समय लगा रहे हैं। इस कारण मरीजों को इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में दवा वितरण केंद्र पर मरीजों की लंबी कतार लग जाती है।
बुधवार को संवाददाता ने मेडिकल कॉलेज के ओपीडी विभाग में चल रहे दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दवा वितरण केंद्र पर मरीजों की लंबी लाइन देखी गई। इसके बाद संवाददाता ने देखा कि वितरण केंद्र के अंदर लगभग नौ प्रशिक्षु एक ही केंद्र पर दवा का वितरण कर रहे हैं। प्रशिक्षु ही कंप्यूटर पर दवा का रिकॉर्ड चढ़ाता मिला। संवाददाता ने जब फार्मासिस्ट के बारे में पूछा तो प्रशिक्षु ने बताया कि फार्मासिस्ट यहां नहीं है। वो किसी काम से बाहर गए हैं। ऐसे में वितरण केंद्र के अंदर भी अव्यवस्था देखी गई।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार फिलहाल मेडिकल कॉलेज के ओपीडी विभाग में नागरिक अस्पताल की दवाइयां प्रयोग की जा रही हैं। मेडिकल कॉलेज संबंधित दवाइयां अभी तक विभाग ने उपलब्ध ही नहीं करवाई हैं। इसके अलावा नागरिक अस्पताल में फार्मासिस्ट के 16 पद स्वीकृत हैं। इसमें से आठ पद खाली हैं। कार्यरत कर्मचारियों में से भी अधिकतर मरीज दवा भंडारण पर ड्यूटी दे रहे हैं। ऐसे में दवा वितरण केंद्र पर फार्मासिस्टों की कमी बन रही है।
नागरिक अस्पताल में फार्मासिस्ट के सोलह पद स्वीकृत हैं। सभी पद भरने के लिए मांग भेज रखी है। सभी दवा वितरण केंद्रों पर रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट हैं। रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट की निगरानी में ही मरीजों को दवा का वितरण किया जा रहा है। प्रशिक्षु भी साथ में दवा का वितरण करते हैं ताकि उन्हें कुछ सीखने को मिले।