{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: विधायक घनश्याम सर्राफ का कड़ा रुख; सोमवार से घर-घर जांचेंगे पानी सप्लाई

भिवानी में विधायक घनश्याम सर्राफ और नपा प्रतिनिधि भवानी प्रताप ने सुनीं समस्याएं। पेयजल संकट पर अफसरों को अल्टीमेटम, 3 माह में पक्की होंगी गलियां।

 

भिवानी। कोंट रोड और ढाणा रोड पर शनिवार को आयोजित खुले दरबार में विधायक घनश्याम सर्राफ ने पेयजल आपूर्ति को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सोमवार से हर घर में जाकर पानी की सप्लाई की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने वार्ड 12, 13 और 14 की सभी कच्ची गलियों को तीन माह के भीतर पक्का कराने का भरोसा दिलाया। नगर परिषद की ओर से लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए ढाणा रोड पर खुले दरबार का आयोजन किया गया जिसमें विधायक घनश्याम सर्राफ और नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सबसे अधिक शिकायतें पेयजल आपूर्ति बाधित होने की सामने आईं। इसके अलावा सीवरेज व्यवस्था के बदहाल होने, कई स्थानों पर बिजली के तार लटकने तथा कच्ची गलियों के कारण लोगों को होने वाली परेशानियों को भी उठाया गया।

खुले दरबार में पार्षद कर्मबीर यादव और पूर्व पार्षद प्रवीण खनगवाल ने लटकते बिजली के तारों और कच्ची गलियों को पक्का कराने की मांग रखी। इस पर विधायक ने पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोमवार से संबंधित क्षेत्रों के प्रत्येक घर में जाकर यह जांच की जाए कि पेयजल की आपूर्ति पहुंच रही है या नहीं। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं की सूची तैयार कर संबंधित घरों तक पानी पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को पीने के पानी के लिए दर-दर न भटकना पड़े।

खुले दरबार में कई लोगों ने सीवर जाम रहने की समस्या भी उठाई जिस पर जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया। वहीं तीनों वार्डों में अनेक स्थानों पर कच्ची गलियां होने की शिकायतें भी सामने आईं। इस पर नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने कहा कि तीन माह के भीतर शहर में कोई भी गली कच्ची नहीं रहेगी। यदि किसी क्षेत्र में कोई गली कच्ची है तो लोग उन्हें जानकारी दें तत्काल उसे पक्का कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

गलियों में चबूतरे निकालने से होते हैं रास्ते तंग
नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने बताया कि शहर में कोई भी गली कच्ची नहीं रहेगी और प्राथमिकता के आधार पर गलियों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ढाणा रोड और कोंट रोड क्षेत्र के वार्ड संख्या 12, 13 और 14 में भी कोई गली कच्ची नहीं बचेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति अपने मकान के आगे रैंप या चबूतरा न बनाए। इससे रास्ते संकरे हो जाते हैं और लोगों को आवागमन में अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बाद में लोगों की शिकायतों के आधार पर ऐसे अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाना पड़ता है।

नहीं रहेगी पानी व सीवर की समस्या
विधायक घनश्याम सर्राफ ने लोगों को भरोसा दिलाया कि इन क्षेत्रों में पीने के पानी और सीवर जाम की समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति से जुड़े अधिकारी यदि सप्लाई देने में कोताही बरतते हैं तो इससे क्षेत्र में पानी की व्यवस्था प्रभावित होती है। अब अधिकारियों को इस संबंध में कड़े निर्देश दिए गए हैं और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर पार्षद कर्मबीर यादव, पूर्व पार्षद प्रवीण खनगवाल, राजू मेहरा, बलबीर इतकान, प्यारेला और सुनील कायत उपस्थित रहे।