भिवानी नगर परिषद का बड़ा अभियान: 650 बेसहारा पशु भेजे गए नंदीशाला, सड़कों पर हादसों पर लगेगी लगाम
भिवानी में बेसहारा पशुओं के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए नगर परिषद ने विशेष अभियान चलाया है। पिछले एक महीने में 650 से अधिक पशुओं को गोशाला और नंदीशाला भेजा गया है।
भिवानी। नगर परिषद द्वारा बेसहारा पशुओं को आसरा देने का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान करीब 650 बेसहारा पशुओं को गोशाला व नंदीशाला भेजा जा चुका है। रविवार और सोमवार को भी बेसहारा पशुओं को पकड़कर नंदीशाला और गोशाला में भेजा गया है। वहीं, सड़कों व चौराहों पर बेसहारा गायों व नंदियों के होने के चलते हादसों की आशंका बनी रहती है।
दरअसल, हाल ही में हरियाणा गो सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग ने भी भिवानी का दौरा किया था और गोशाला संचालकों व शहरी स्थानीय निकाय अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में उन्होंने जहां एक तरफ शहरी स्थानीय निकाय अधिकारियों को बेसहारा गायों को पकड़ने के निर्देश दिए थे, वहीं दूसरी और गोशाला संचालकों से आह्वान किया था कि वे अधिक से अधिक बेसहारा गायों को आसरा दें ताकि बेसहारा पशुओं की वजह से कोई हादसा ना हो।
जिला नगर आयुक्त गुलजार मलिक ने बताया कि नगर परिषद ने बेसहारा पशुओं को पशुओं को पकड़ने व उनको आसरा देने का अभियान चलाया। नगर परिषद द्वारा चौराहों व सड़कों का निरीक्षण किया जा रहा है, जहां-जहां भी बेसहारा पशु नजर आते हैं, उनको नंदीशाला या गौशाला भिजवाया जा रहा है। विगत एक महीने में करीब 650 बेसहारा पशुओं को सुरक्षित आसरा दिया जा चुका है।