Mukhyamantri Tirth Yatra: भिवानी से नांदेड़ साहिब रवाना हुए 29 श्रद्धालु; विधायक ने दिखाई हरी झंडी
हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना: भिवानी से 29 श्रद्धालु नांदेड़ साहिब के लिए रवाना। 1.80 लाख से कम आय वाले बुजुर्गों को सरकार करा रही निशुल्क तीर्थ दर्शन।
भिवानी। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत शुक्रवार शाम नांदेड़ साहिब के लिए विशेष ट्रेन रवाना हुई जिसमें भिवानी जिले के 29 श्रद्धालु श्रद्धा भाव के साथ यात्रा पर रवाना हुए। भिवानी रेलवे स्टेशन पर विधायक घनश्याम सर्राफ, विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक और एसडीएम महेश कुमार ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह विशेष ट्रेन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे सिरसा से रवाना की थी। ट्रेन रात करीब 8:10 बजे भिवानी रेलवे स्टेशन पहुंची और करीब 8:15 बजे यहां से नांदेड़ साहिब के लिए रवाना हुई। दरअसल, नांदेड़ साहिब यात्रा के लिए जिले से 37 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया था। इनमें से मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं होने के कारण सात और बीमार होने के कारण एक श्रद्धालु यात्रा पर नहीं जा सका। इसके बाद 29 श्रद्धालु यात्रा के लिए रवाना हुए।
इस मौके पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों की आस्था का पूरा सम्मान कर रही है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है, निशुल्क यात्रा के पात्र हैं। यात्रा के लिए सरकार द्वारा पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाता है। विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि 5 मई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र से नांदेड़ साहिब के लिए पहली ट्रेन रवाना की थी। यह दूसरी ट्रेन है जो नांदेड़ साहिब जा रही है। इस अवसर पर तहसीलदार जयबीर सिंह और रेलवे अधिकारी नीरज भी मौजूद रहे।