{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Medical College News: पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और ओटी सेवाएं शुरू

पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज और भिवानी सिविल अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और ऑपरेशन थिएटर शुरू। मरीजों के लिए बेड क्षमता 300 तक बढ़ाई जाएगी।

 

भिवानी। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज और नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और ऑपरेशन थिएटर की सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने बताया कि अस्पताल में एक्स-रे सेवा पूरी तरह शुरू हो चुकी है। वहीं अल्ट्रासाउंड के लिए नौ मशीनें स्थापित की गई हैं और सेवा भी शुरू हो गई है। ऑपरेशन थिएटर में सफलतापूर्वक दो ऑपरेशन किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन थिएटर की प्राथमिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा आवश्यक मेडिकल उपकरण और कंज्यूमेबल्स उपलब्ध करवाने के लिए एसओपी लागू कर दी गई है। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के स्टाफ के लिए कॉमन रोस्टर तैयार करने के आदेश भी जारी किए गए हैं ताकि दोनों संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।


अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सामाजिक संस्था की ओर से बेरिकेड भी भेंट किए गए। सिविल सर्जन ने बताया कि संस्था ने बिना किसी मांग के यह सहयोग दिया है जिससे पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

डॉ. शांडिल्य ने कर्मचारियों और अधिकारियों को अनुशासन बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचने वाले कर्मचारियों के नाम दर्ज किए जा रहे हैं। पहले उन्हें चेतावनी पत्र दिया जाएगा और सुधार नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा जबकि व्यवस्था में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

300 बेड तक बढ़ाई जाएगी क्षमता
पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल को एक यूनिट के रूप में संचालित किया जा रहा है। फिलहाल दूसरे तल पर 60 बेड की सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। इनमें ईएनटी के 12, नेत्र रोग विभाग के 18, सर्जरी के 15 और ऑर्थोपेडिक्स के 15 बेड शामिल हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने पर दूसरे और तीसरे फ्लोर पर सेवाएं शुरू कर क्षमता 300 बेड तक की जाएगी।