{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज का हुआ भव्य उद्घाटन

पीएम मोदी ने पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया। भिवानी में जिला स्तरीय समारोह में मंत्री श्रुति चौधरी और सांसद धर्मबीर सिंह रहे मौजूद।

 

भिवानी। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ पर शुक्रवार को हांसी रोड स्थित मिल्क प्लांट के समीप मेडिकल कॉलेज परिसर में जिलास्तरीय समारोह आयोजित किया गया। पूर्व राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी अपने विजय नगर स्थित आवास से करीब दो किलोमीटर दूर तक ई-रिक्शा की छत पर बैठकर कार्यकर्ताओं के पैदल काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचीं। वहीं भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, सिंचाई एवं जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी और अन्य भाजपा नेता भी ई-रिक्शा से समारोह में पहुंचे। पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल और बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर कार्यक्रम में शामिल हुए।

समारोह में महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी और सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद में आयोजित समारोह से वर्चुअल माध्यम से पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया जिसका जिला स्तरीय समारोह में लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।

कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद की धरती से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर विकसित भारत की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक और यादगार क्षण बताते हुए कहा कि यह पहल देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करती है और प्रधानमंत्री मोदी देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ हरियाणा से किया जाना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा प्रोजेक्ट है जिसका लाभ भविष्य में पूरे देश को मिलेगा। यह ऐसी ट्रेन है जिसके संचालन के लिए तेल, बिजली और कोयले की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जिले को मेडिकल कॉलेज के रूप में बड़ी सौगात मिली है जिससे स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज का और विस्तार होगा तथा यहां हर स्तर की आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

समारोह में भाजपा विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दांगी, हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार तथा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष तृप्ति श्योराण सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जींद से हुआ उद्घाटन, भिवानी में हुआ सीधा प्रसारण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम के जरिए पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया। भिवानी में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में इसका लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया। समारोह में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि बताया गया।