{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Patwari Association News: सरकार के साथ सहमति के बाद पटवारियों ने समाप्त की हड़ताल, जानिए क्या हुए फैसले

भिवानी में 12 दिन बाद पटवारियों के काम पर लौटने से राजस्व कार्य हुए शुरू। पहले दिन डेढ़ हजार से अधिक प्रमाण पत्र और इंतकाल के मामले निपटाए गए।
 

भिवानी। हड़ताल खत्म होने के बाद मंगलवार को काम पर लौटे जिले के 200 पटवारियों ने लंबित राजस्व कार्य निपटाने शुरू कर दिए। पहले दिन जाति व रिहायशी प्रमाणपत्र, भूमि पैमाइश तथा फर्द व इंतकाल से जुड़े मामलों पर कार्रवाई की गई। 12 दिन बाद पटवारियों के काम पर लौटने से तहसील और पटवारघरों में राजस्व विभाग का कामकाज फिर पटरी पर आ गया।

तहसील कार्यालयों में 20 अगस्त से पटवारियों के हड़ताल पर रहने के कारण भूमि संबंधी काम प्रभावित हो रहे थे। लोग भूमि संबंधी कार्यों और जाति एवं रिहायशी प्रमाणपत्र बनवाने के लिए लगातार कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे। इन प्रमाणपत्रों में पटवारी की तस्दीक अनिवार्य है। जिले भर में करीब तीन हजार रिहायशी व जाति प्रमाणपत्रों की फाइलों के ढेर लग गए थे।

वहीं पेरोल, भूमि पैमाइश, जमाबंदी और इंतकाल के मामले भी लटक गए थे। हड़ताल के चलते सरकार को भी राजस्व का भी नुकसान हो रहा था। मंगलवार को भिवानी तहसील कार्यालय के अलावा रेलवे रोड स्थित पटवारघर में भी सभी पटवारी अपनी सीटों पर बैठे नजर आए।

पटवारी राजस्व संबंधी रिकॉर्ड और लंबित कार्यों को निपटाने में व्यस्त रहे। तहसील कार्यालय में आने वाले लोगों के भूमि संबंधी कामों का मौके पर ही निपटारा किया गया। अन्य लंबित फाइलों को संबंधित अधिकारियों की टेबल तक पहुंचाया गया।

दी रेवन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के राज्य उपाध्यक्ष विकास राठी ने बताया कि संगठन की राजस्व मंत्री, एफसीआर और डीएलआर के साथ बैठक हुई थी। बैठक में तय हुआ कि नए सॉफ्टवेयर पर अभी काम रोकना है जब तक यह ठीक नहीं हो जाता और इसे कानूनी मान्यता नहीं मिलती। पुराने इंतकाल को नए सॉफ्टवेयर से नहीं किया जाएगा। कानूनगो की तीन वेतन वृद्धि की फाइल भी जल्द जारी होगी। इसी तरह रोवर पैमाइश के लिए तहसीलवार दो ऑपरेटर लगाए जाएंगे। नए पटवारियों का नोटिफिकेशन जल्द जारी होगा। इसका प्रारूप भी जल्द जारी किया जाएगा। पुरानी एलटीसी की जल्द ही एकमुश्त राशि मिल जाएगी। सभी पटवारी और कानूनगो को जल्द ही विभाग की ओर से टैब भी दिए जाएंगे। सभी जिलों में किसी प्रकार के नोटिस निकाले गए हैं वे सभी वापस होंगे।

पहले दिन हुआ ये काम
जिले में मंगलवार को जाति और रिहायशी प्रमाणपत्र से जुड़े करीब डेढ़ हजार मामले निपटाए गए। भूमि पैमाइश संबंधी 250 आवेदनों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। फर्द व इंतकाल संबंधी करीब 350 लंबित मामलों में पटवारियों ने अपनी रिपोर्ट दर्ज की।

सभी पटवारी और कानूनगो मंगलवार को अपने काम पर लौट आए हैं। तहसील कार्यालय के अलावा पटवारघरों में लंबित कार्यों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। हड़ताल खत्म होने के बाद अब राजस्व संबंधी कोई काम लंबित नहीं रहेगा।