भिवानी: पेट्रोल पंप पर 5900 का तेल भरवाकर भागे, पुलिस ने पकड़ा
भिवानी। गांव कैरू में बहल-भिवानी मार्ग पर सूर्या पेट्रोल पंप पर बिना नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी में चालक तेल डलवाकर बिना भुगतान के वाहन सहित भाग गया। यह पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसके बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
पेट्रोल पंप संचालिका पूनम ने कैरू पुलिस चौकी में दी शिकायत में बताया कि 21 जून की दोपहर लगभग डेढ़ बजे एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी पेट्रोल पंप पर आई जिसके शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी और नंबर प्लेट भी पीछे से जानबूझकर छिपाई गई थी। चालक के कहने पर सेल्समैन राकेश ने गाड़ी का टैंक फुल कर दिया। तेल भरवाने के बाद चालक 5900 रुपये का भुगतान किए बिना गाड़ी लेकर भाग गया।
सूचना मिलने पर जूई कलां पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और आरोपी की गाड़ी का पीछा करते हुए उसे दादरी के रामपुरा गांव के पास पकड़ लिया। जूई कलां थाना एसएचओ ओमप्रकाश ने बताया कि ईआरवी की मदद से स्कॉर्पियो को पीछा कर दो आरोपियों को काबू किया गया है। कैरू पुलिस चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि एक आरोपी नाबालिग है और वह बहल क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने संचालिका पूनम की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।