{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: इंग्लैंड में होगी दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप, लॉर्ड्स में होगा फाइनल

भिवानी में पीसीसीएआई ने इंग्लैंड में होने वाली मिक्स दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप की घोषणा की है। 19 अगस्त को लॉर्ड्स स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

 

भिवानी: दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों के हुनर, जज्बे और उनके बुलंद हौसलों को नई उड़ान देने के उद्देश्य से फिजिकली चैलेंज्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (पीसीसीएआई) द्वारा शनिवार को भिवानी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एक विशेष पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया. इस दौरान आगामी अंतरराष्ट्रीय दौरों, विशेषकर इंग्लैंड में होने वाली मिक्स दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप की तैयारियों का पूरा खाका पेश किया गया.

5 से 19 अगस्त तक इंग्लैंड में चैंपियनशिप का होगा आयोजनः पीसीसीएआई पदाधिकारियों ने बताया कि "5 अगस्त से 19 अगस्त तक इंग्लैंड में भारत और इंग्लैंड के बीच 7 मैचों की मिक्स दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा. इस पूरी चैंपियनशिप का सबसे बड़ा आकर्षण 19 अगस्त को खेला जाने वाला फाइनल मैच रहेगा, जो दुनिया में क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम पर होगा." उन्होंने कहा कि "भारतीय दिव्यांग टीम के लिए इस प्रतिष्ठित मैदान पर खेलना एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि है. इस चैंपियनशिप के लिए 16 सदस्यीय भारतीय दिव्यांग टीम एक अगस्त को इंग्लैंड के लिए रवाना होगी." उन्होंने बताया कि "यह बेहद गर्व की बात है कि इस 16 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम में हरियाणा प्रदेश के 3 प्रतिभावान दिव्यांग खिलाड़ी भी शामिल हैं."

26 से 30 जुलाई तक दिल्ली में विशेष प्रशिक्षण शिविर: पीसीसीएआई के चेयरमैन एवं विधायक घनश्याम सर्राफ, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया, कारपोरेट अफेयर चेयरमैन राजेश भारद्वाज, महासचिव रवि चौहान ने बताया कि "टीम की तैयारियों को धार देने के लिए 26 जुलाई से 30 जुलाई तक दिल्ली में विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जाएगा. जहां खिलाड़ी जी-तोड़ मेहनत करेंगे." इसके साथ ही पीसीसीएआई इंग्लैंड दौरे के तुरंत बाद 29 से 31 अगस्त तक तमिलनाडु में भारत और श्रीलंका के दिव्यांग खिलाड़ियों के बीच 3 मैचों की सीरीज का भी आयोजन किया जाएगा.

इंग्लैंड की धरती पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी भारतीय टीमः पत्रकार वार्ता के दौरान पीसीसीएआई के चेयरमैन एवं विधायक घनश्याम सर्राफ, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया, कारपोरेट अफेयर चेयरमैन राजेश भारद्वाज, महासचिव रवि चौहान ने कहा कि शारीरिक चुनौतियां कभी भी प्रतिभा, मेहनत और राष्ट्रप्रेम के रास्ते में रोड़ा नहीं बन सकतीं. दिल्ली के कैंप में हमारे खिलाड़ी जिस लगन और पसीने के साथ तैयारी कर रहे हैं, उससे यह साफ है कि हमारी टीम इंग्लैंड की धरती पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी. हमारा एकमात्र मुख्य उद्देश्य इंग्लैंड में भारत का तिरंगा पूरी शान से लहराना और ट्रॉफी जीतकर देश का नाम पूरे विश्व में रोशन करना है.

मौके पर ये लोग थे मौजूदः पत्रकार वार्ता को पीसीसीएआई के चेयरमैन एवं विधायक घनश्याम सर्राफ, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया, कारपोरेट अफेयर चेयरमैन राजेश भारद्वाज, महासचिव रवि चौहान, उपाध्यक्ष रमेश सैनी ने संयुक्त रूप से संबोधित किया. इस अवसर पर डॉ. सुखविंदर दुहन, सुनील जांगड़ा, आनंद तवर, सुनील मोनिया और शुभम शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे.