{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Police Operation Akraman: भिवानी में 'ऑपरेशन आक्रमण' का कहर; 47 आरोपी गिरफ्तार, चरस, अवैध शराब और ₹11,800 जुआ राशि बरामद

भिवानी पुलिस ने 'ऑपरेशन आक्रमण' के तहत जिले भर में बड़ी कार्रवाई की। 59 टीमों ने छापेमारी कर 47 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 14 भगोड़े शामिल हैं। अवैध शराब, 306 ग्राम चरस और जुए की राशि बरामद। जानें पुलिस की इस मेगा रेड की पूरी डिटेल।

 

भिवानी। जिले में चलाए गए ऑपरेशन आक्रमण के तहत सर्च व रेड अभियान में 13 प्राथमिकी दर्ज कर 47 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अभियान के दौरान 59 पुलिस टीमों में शामिल 249 अधिकारियों व कर्मचारियों ने जिलेभर में कार्रवाई कर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कदम उठाए।

विशेष अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 11 प्राथमिकी दर्ज कर 11 आरोपियों को अवैध शराब रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 18 बोतल अंग्रेजी शराब, 195 बोतल देसी शराब तथा चार बोतल अवैध हथकढ़ी शराब बरामद की गई।


जुआ अधिनियम के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया जिसके कब्जे से 11,800 रुपये की नकदी बरामद हुई। मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 306 ग्राम चरस सहित पकड़ा गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने 14 भगोड़े व बेल जंपर आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। न्यायालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में सात आरोपियों को पुनः गिरफ्तार (रिअरेस्ट) कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

मोटर वाहन अधिनियम के तहत लेन बदलने के नियमों का उल्लंघन करने वाले 82 वाहन चालकों के चालान किए गए जबकि कुल 235 चालान मोटर वाहन अधिनियम के तहत काटे गए। इसके अतिरिक्त जिले में दर्ज विभिन्न आपराधिक मामलों में 13 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।