{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: एचटेट परीक्षा से पहले पुलिस अलर्ट, होटल और बस स्टैंड पर चेकिंग

एचटेट परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए भिवानी पुलिस का सघन अभियान। होटल, धर्मशाला और सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों से की जा रही पूछताछ।

 

भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को भिवानी पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटलों और धर्मशालाओं में सघन जांच अभियान चलाया। डीएसपी क्राइम अनूप कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और होटलों में ठहरे लोगों के पहचान पत्रों के साथ रिकॉर्ड की भी जांच की गई।

विशेष अभियान में थाना शहर भिवानी, थाना सिविल लाइन, थाना सदर, थाना औद्योगिक क्षेत्र और सीआईए स्टाफ की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। पुलिस बल ने शहर के संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर व्यापक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा शहर के विभिन्न होटलों और धर्मशालाओं में ठहरे संदिग्ध लोगों के पहचान पत्रों की जांच की गई। इसके साथ ही होटल और धर्मशालाओं के रिकॉर्ड भी खंगाले गए। सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ की गई।

डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य एचटेट के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, पेपर लीक या नकल माफिया के प्रयासों को पहले ही विफल करना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।