भिवानी: 41 डिग्री गर्मी और घंटों लेट ट्रेनें, प्लेटफॉर्म पर बेहाल हुए यात्री
भिवानी में भीषण गर्मी के बीच ट्रेनों की लेट-लतीफी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ाईं। 41 डिग्री तापमान में घंटों इंतजार करने को मजबूर बुजुर्ग और बच्चे। जानें ताजा अपडेट।
भिवानी। देरी से चल रहीं ट्रेनों और भीषण गर्मी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेनों की दो से ढाई घंटे की देरी और 41 डिग्री तापमान के बीच प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
अप्रैल माह में ही जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच चुका है। ऐसे में गर्म हवाओं के बीच प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों का इंतजार करना यात्रियों के परेशानी का सबब बन गया है । सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है।
शनिवार को भी कई ट्रेनें देरी से पहुंचीं। किसान एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से एक घंटा 57 मिनट देरी से भिवानी पहुंची। इस ट्रेन का भिवानी सिटी स्टेशन पर निर्धारित समय शाम 4 बजकर 15 मिनट था लेकिन यह ट्रेन 6 बजकर 12 मिनट पर पहुंची।
वहीं त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस दो घंटे आठ मिनट की देरी से पहुंची। इसका निर्धारित समय दोपहर 2 बजकर 52 मिनट था जबकि यह शाम करीब 5 बजे भिवानी सिटी स्टेशन पहुंची। ट्रेनों में सफर कर रहे यात्री और प्लेटफॉर्म पर इंतजार कर रहे लोग गर्मी के कारण पसीने से तरबतर नजर आए जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई।