{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Waterlogging News: बडेसरा और तिगड़ाना के खेतों से जल निकासी की मांग, डीआरओ ने तुरंत समाधान के दिए आदेश

भिवानी के समाधान शिविर में 200 एकड़ कृषि भूमि में जलभराव, बिजली समस्या और परिवार पहचान पत्र से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं।
 

भिवानी। लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए कॉन्फ्रेंस हॉल में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में खेतों से लेकर खेल स्टेडियम तक पानी निकासी की शिकायतें पहुंचीं। बडेसरा में करीब 200 एकड़ भूमि से बरसाती पानी निकालने, तिगड़ाना के खेतों और राजीव गांधी खेल स्टेडियम में जमा पानी की निकासी समेत घरों और अन्य स्थानों से जलभराव दूर करने की मांग रखी गई।

शिविर की अध्यक्षता डीआरओ राजकुमार भौरिया ने की। उन्होंने नागरिकों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। गांव बडेसरा निवासी रोहतास ने करीब 200 एकड़ भूमि से बरसाती पानी की निकासी और तिगड़ाना निवासी राजवीर कौशिक ने खेतों से पानी निकासी की शिकायत रखी।

देवनगर निवासी कमला, ज्योति व नीलम ने घरों के सामने जलभराव की समस्या बताई। तिगड़ाना के ग्रामीणों ने राजीव गांधी खेल स्टेडियम में जमा पानी की निकासी और मानहेरू के ग्रामीणों ने देवी पाना से पानी निकालने की शिकायत रखी। डीआरओ ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और शीघ्र पानी निकलवाने के निर्देश दिए।

सेक्टर-23 निवासी कर्ण सिंह, सुंगरपुर निवासी राहुल कुमार और देवसर निवासी पवन कुमार ने बिजली से संबंधित शिकायतें रखीं। पंकज कुमार, सरोज, बाला और ललिता ने परिवार पहचान पत्र में त्रुटियां दुरुस्त करवाने की शिकायत दी। रमेश कुमार ने निजी अस्पताल के चिकित्सक द्वारा की गई लापरवाही की जांच करवाने और राम कुमार ने राशन कार्ड नहीं बनने की शिकायत रखी।

डीआरओ ने सभी शिकायतों को गौर से सुना और अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा गैर सरकारी सदस्य अजीत शेखावत, रामगोपाल, रामकिशन हलवासिया, नरेंद्र शर्मा, नरेंद्र ग्रेवाल, केके ग्रोवर और अनिल सोलंकी मौजूद रहे।