Bhiwani Sawan Monday News: सावन के दूसरे सोमवार पर भिवानी के शिवालयों में उमड़ा भक्तों का तांता, पारदेश्वर शिवलिंग का हुआ अलौकिक श्रृंगार
सावन के दूसरे सोमवार पर भिवानी के जोगीवाला मंदिर और सिद्धपीठ बाबा जहरगिरि आश्रम में उमड़े श्रद्धालु। 11 हजार रुद्राक्षों से सजा पारदेश्वर शिवलिंग, कांवड़ियों के लिए विशेष इंतजाम।
भिवानी। सावन के दूसरे सोमवार को शहर के शिवालयों में बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। जोगीवाला मंदिर और सिद्धपीठ बाबा जहरगिरि आश्रम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। शिवरात्रि को लेकर मंदिरों में कांवड़ियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
मंगलवार सुबह चार बजे से भगवान शिव के जलाभिषेक और कांवड़ चढ़ाने का सिलसिला शुरू होगा। जोगीवाला मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। यहां रातभर भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। मंदिर में कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी रहा। हलवास गेट स्थित सिद्धपीठ बाबा जहरगिरी आश्रम में सावन के दूसरे सोमवार पर अंतरराष्ट्रीय महंत डॉ. अशोक गिरि महाराज के सानिध्य में धार्मिक आयोजन हुआ।
आश्रम में स्थापित हरियाणा के एकमात्र पारदेश्वर शिवलिंग का 11 हजार रुद्राक्षों से अलौकिक शृंगार किया गया। इसके बाद विधि-विधान से एकादश रुद्री अभिषेक कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा आश्रम भक्तिमय हो उठा। 11 हजार रुद्राक्षों से सजे पारद शिवलिंग के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
महंत डॉ. अशोक गिरि महाराज ने कहा कि शिव आराधना बच्चों में भक्ति के साथ अनुशासन, विनम्रता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि बच्चों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सेवा और भारतीय संस्कृति से भी जोड़ें। उन्होंने कहा कि पूजा-पाठ और ध्यान से बच्चों में एकाग्रता बढ़ती है जिससे वे समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।