{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: गर्मी की छुट्टियों के बाद आज खुले स्कूल, बच्चों में दिखा उत्साह

एक माह के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद भिवानी के स्कूल आज से फिर खुले। अभिभावकों और बच्चों में दिखी तैयारी, स्कूलों ने किया स्वागत का इंतज़ाम।
 

भिवानी। जिले के विद्यालयों में एक माह का ग्रीष्मकालीन अवकाश 30 जून को समाप्त हो गया। बुधवार से कक्षा पहली से 12वीं तक के सभी स्कूल खुल जाएंगे। लंबे अवकाश के बाद स्कूलों में एक बार फिर बच्चों की रौनक लौटेगी।

पहली जुलाई से पढ़ाई शुरू होने को लेकर अभिभावक और बच्चे तैयारियों में जुटे रहे। अभिभावकों ने स्टेशनरी, यूनिफॉर्म और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी की वहीं स्कूलों में साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया गया। हालांकि पिछले दो दिनों से मौसम में उमस और गर्मी बनी हुई है जिससे बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एक माह बाद स्कूल खुलने को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह है।

मंगलवार को शहर की स्टेशनरी और यूनिफॉर्म की दुकानों पर अभिभावकों ने बच्चों के लिए नई कॉपियां, पेन, रजिस्टर, किताबें, स्कूल बैग, लंच बॉक्स और पानी की बोतल आदि की खरीदारी की। घरों में यूनिफॉर्म की धुलाई और प्रेस का काम भी चलता रहा ताकि बच्चे पहले दिन पूरी तैयारी के साथ स्कूल पहुंच सकें।

गर्मी की छुट्टियों में दिए गए गृहकार्य को पूरा करना भी बच्चों और अभिभावकों की प्राथमिकता बना रहा। कई परिवारों में माता-पिता के साथ भाई-बहन और दादा-दादी भी बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करते नजर आए। छुट्टियों के अंतिम दिन अधिकांश विद्यार्थी अधूरा होमवर्क पूरा करने में व्यस्त रहे। वहीं स्कूल परिसरों में साफ-सफाई, कक्षाओं की व्यवस्था, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया गया।

विद्यार्थियों का स्वागत करने की तैयारी
शिक्षण सत्र के पहले दिन विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ उनके स्वागत की तैयारी भी की गई है। स्कूल खुलने के साथ ही नियमित पढ़ाई शुरू होगी। कई विद्यालयों में शुरुआती दिनों में विद्यार्थियों की पढ़ाई का आकलन किया जाएगा और छुट्टियों में दिए गए गृहकार्य की भी समीक्षा होगी। इसके अलावा खेलकूद, सांस्कृतिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी ताकि विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कर सकें।