{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी-तोशाम मार्ग पर पेचवर्क के तुरंत बाद हुई मूसलाधार बारिश, PWD के काम पर उठे सवाल

भिवानी-तोशाम मार्ग पर मूसलाधार बारिश से टूटी सड़कों की मरम्मत के तुरंत बाद हुई तेज बारिश ने PWD के पेचवर्क और कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

भिवानी। बारिश के दौरान वाहनों की आवाजाही से शहर की सड़कें टूटकर बिखरने लगी हैं। जगह-जगह उभरे गहरे गड्ढों से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टूटी सड़कों की मरम्मत के लिए संबंधित विभागों ने पेचवर्क का काम शुरू कर दिया है।

मंगलवार को पीडब्ल्यूडी की ओर से भिवानी-तोशाम मार्ग पर बारिश से उभरे गड्ढों को भरने के लिए तारकोल का मिश्रण डालकर पेचवर्क किया गया। बारिश के कारण भिवानी-तोशाम रोड पर रेलवे ओवरब्रिज और इसके आसपास की सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे बन गए थे। विभाग की ओर से इन गड्ढों को भरने का काम शुरू किया गया।

दोपहर को तारकोल की लेयर डालकर रोड रोलर की मदद से सड़क को समतल किया गया लेकिन दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने इस कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए। बारिश के बीच किया गया पेचवर्क ज्यादा समय तक टिक पाएगा या नहीं इसको लेकर भी आशंका बनी हुई है।

कई स्थानों पर विभाग की ओर से गहरे गड्ढों को रोडे डालकर भरने का प्रयास किया जाता है। यह तरीका बारिश के दौरान वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। जलभराव की स्थिति में गड्ढों में डाले गए रोड़ों से दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो सकते हैं।

पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता लोकेश कुमार ने बताया कि बारिश के दौरान सड़कों पर कई जगह गड्ढे उभर आते हैं। इनकी मरम्मत के लिए विभाग की ओर से अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं जो सड़कों की स्थिति के अनुसार पेचवर्क का कार्य कर रही हैं।