Bhiwani News: डॉ. समीक्षा रेड्डी को न्याय की मांग, पशु चिकित्सकों ने काली पट्टी बांध किया विरोध
भिवानी में पशु चिकित्सकों का हल्लाबोल! डॉ. समीक्षा रेड्डी की मौत के मामले में कर्नाटक सरकार के खिलाफ नारेबाजी। सुरक्षा प्रोटोकॉल और न्याय की मांग को लेकर रोष।
भिवानी। भारतीय पशु चिकित्सा संघ के आह्वान पर पशु चिकित्सकों ने डॉ. समीक्षा रेड्डी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को काली पट्टी बांधकर पशुओं का उपचार किया और वेटनरी पालीक्लीनिक में एकत्रित होकर कर्नाटक सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
भारतीय पशु चिकित्सा संघ के उपप्रधान डॉ. रविंद्र सहरावत ने बताया कि डॉ. समीक्षा एक होनहार पशु चिकित्सक थीं जिन्हें रात 11 बजे चिड़ियाघर में एक हिप्पो के उपचार के लिए प्रशासन द्वारा बिना सुरक्षा और प्रोटोकॉल के भेजा गया था। उन्होंने कहा कि हिप्पो के हमले में उनकी मृत्यु हो गई लेकिन कर्नाटक चिड़ियाघर प्रशासन अपनी गलती छिपाने के लिए पूरा दोष डॉ. समीक्षा पर डाल रहा है और कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय पशु चिकित्सा संघ डॉ. समीक्षा रेड्डी को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता है। भिवानी पशु चिकित्सा संघ के अध्यक्ष सुरेश सांगवान ने कहा कि पूरे जिले के पशु चिकित्सकों ने काली पट्टी बांधकर रोष प्रदर्शन करते हुए पशुओं का उपचार किया। उन्होंने कहा कि डॉ. समीक्षा को न्याय मिलना चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन को पुख्ता प्रबंध करने चाहिए। इस अवसर पर डॉ. विजय सनसनवाल, डॉ. विनोद सिवाच, डॉ. नरेंद्र खटक, डॉ. अमित पूनिया, डॉ. सोनू वर्मा और डॉ. जोनी मौजूद रहे।