{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: बवानीखेड़ा में 1 लाख की रिश्वत लेते पटवारी और वकील गिरफ्तार

भिवानी विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: बवानीखेड़ा तहसील में खेवट तकसीम के नाम पर 1 लाख रुपये की घूस लेते पटवारी नरेंद्र और वकील भूपेंद्र रंगे हाथों गिरफ्तार।

 

भिवानी। तहसील कार्यालय बवानीखेड़ा में बुधवार को विजिलेंस विभाग ने एक पटवारी और वकील को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गांव सिवाड़ा निवासी परवीन की शिकायत पर की गई इस कार्रवाई में विजिलेंस टीम ने दोनों आरोपियों को रिश्वत की रकम लेते हुए काबू किया।

कार्रवाई भिवानी विजिलेंस के इंस्पेक्टर जगजीत के नेतृत्व में जिला मत्स्य अधिकारी एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र सिंह की निगरानी में की गई। जानकारी के अनुसार गांव सिवाड़ा निवासी परवीन ने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी कि खेवट तकसीम कराने की एवज में पटवारी नरेंद्र एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है। आरोप है कि यह रकम वकील भूपेंद्र के माध्यम से मांगी गई थी।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। इसके बाद तहसील कार्यालय में कार्रवाई करते हुए पटवारी नरेंद्र और वकील भूपेंद्र को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। विजिलेंस विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विजिलेंस अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वतखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।