Bhiwani Power Cut News: भिवानी के वार्ड 24 और 27 में अघोषित बिजली कटों से हाहाकार, लोगों ने एक्सईएन को सौंपा मांग पत्र
भिवानी के वार्ड 24 और 27 में 7 दिनों से जारी अघोषित बिजली कटों से नाराज लोगों ने एक्सईएन से मुलाकात कर जल्द निर्बाध आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
भिवानी। शहर के वार्ड संख्या 24 और 27 में पिछले एक सप्ताह से लग रहे अघोषित बिजली कटों से नाराज क्षेत्रवासियों ने बिजली निगम के एक्सईएन से मुलाकात कर विरोध जताया और मांग पत्र सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो दोनों वार्डों के लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे और विभाग का घेराव करेंगे।
वार्ड-27 के पार्षद गोविंद राम बिल्लू बादशाह और वार्ड-24 के पार्षद प्रतिनिधि अंकित के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि दोनों वार्डों में पिछले सात दिनों से लगातार अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। भीषण गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।
पार्षद गोविंद राम बिल्लू बादशाह और अंकित ने कहा कि दिनभर की मेहनत के बाद रात में भी बिजली गुल रहने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो रही है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि चार-चार दिन तक बिजली आपूर्ति बाधित रहना निगम की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
शिकायत सुनने के बाद एक्सईएन ने संबंधित जेई को फोन कर समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रवीण पाराशर, टोन, शुभम, सीमा, रूकमेश, पारूल गौड़, तरुण, जितेंद्र, सुमित सहित अनेक क्षेत्रवासी मौजूद रहे।