भिवानी: पानी की राशनिंग खत्म, अब शहर में मिलेगी नियमित पेयजल आपूर्ति
भिवानी। सुंदर सब ब्रांच, मिताथल फीडर और जूई फीडर नहर में मांग के अनुरूप पानी पहुंचने के बाद जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने मंगलवार से शहर में पानी की राशनिंग समाप्त कर नियमित पेयजल आपूर्ति का दावा किया है। नहरों में पर्याप्त पानी आने से जिले के 55 से अधिक गांवों के सूख चुके जलघर टैंकों को भी पानी मिलेगा। इससे लोगों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी और किसान अपने खेतों की सिंचाई भी कर सकेंगे।
सिंचाई विभाग के नहरी पानी शेड्यूल के अनुसार 22 से 29 जून तक सुंदर सिस्टम की नहरों को पानी मिलेगा। सोमवार को सुंदर सब ब्रांच नहर में 980 क्यूसेक के मुकाबले 941 क्यूसेक पानी पहुंचा। इसी प्रकार मिताथल फीडर नहर में 380 क्यूसेक के मुकाबले 368 क्यूसेक पानी मिला। वहीं जूई फीडर नहर में सोमवार को 143 क्यूसेक पानी पहुंचा जबकि जूई नहर के लिए 450 क्यूसेक पानी की मांग भेजी गई है।
करीब एक माह से गंभीर जलसंकट का सामना कर रहे ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोगों को इससे बड़ी राहत मिली है। सिंचाई विभाग की प्राथमिकता सूखे पड़े जलघर टैंकों को भरने की है। वहीं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भी जलघरों में पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने में जुट गया है। विभाग के अधिकारियों का दावा है कि मंगलवार से पूरे शहर में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
शहर की बाहरी कॉलोनियों में गहराया हुआ है पेयजल संकट
भिवानी शहर की अधिकांश बाहरी कॉलोनियों में पेयजल संकट गहराया हुआ है। इन कॉलोनियों के अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने के कारण लोग टैंकरों से पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं। कई कॉलोनियों में सप्ताह में केवल एक बार पानी की आपूर्ति हो रही है। जलघर के टैंकों में पर्याप्त भंडारण होने के बाद मंगलवार से शहर में राशनिंग समाप्त होने पर नियमित पेयजल आपूर्ति संभव हो सकेगी।
प्री मानसून की दस्तक, अब नहरों में लबालब रहेगा पानी
प्री मानसून की दस्तक हो चुकी है। जुलाई में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। ऐसे में नहरों में अब लगातार पर्याप्त पानी उपलब्ध रहने की उम्मीद है। इससे जलघर टैंकों तक पानी पहुंचाने को लेकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी नियमित पेयजल आपूर्ति की संभावना बढ़ जाएगी क्योंकि टैंकों में पर्याप्त भंडारण होने के बाद राशनिंग की जरूरत नहीं रहेगी। मानसून के दौरान अतिरिक्त पानी भी नहरों में छोड़ा जाएगा। हालांकि बारिश के दौरान नहरी पानी की गुणवत्ता कुछ प्रभावित हो सकती है। इस समय पहाड़ों में बर्फ पिघलने से नदियों में भी जलस्तर बढ़ने लगा है।
सुंदर सिस्टम की सभी नहरों में मांग के मुकाबले शुरुआत में पूरा पानी मिला है। सप्ताह भर में सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के जलघर टैंक पानी से भर जाएंगे। हमारी प्राथमिकता लोगों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने की रहेगी। अब बिना किसी रुकावट के नहरों में लगातार पानी उपलब्ध रहेगा जिससे नहरी पानी का किसी तरह का संकट नहीं रहेगा।
नहरों में पानी आने के बाद जलघर के टैंकों को भरने का काम शुरू कर दिया है। मंगलवार से शहर में पानी की राशनिंग समाप्त कर दी गई है। शहर के सभी जोन में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। विभाग की ओर से किसी प्रकार की राशनिंग नहीं होगी। यदि इसके बावजूद किसी क्षेत्र में पानी को लेकर कोई समस्या आती है तो संबंधित अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई जा सकती है जिसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।