{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Weather News: भिवानी में गर्मी और उमस से लोग परेशान, 28 से 30 जुलाई तक बारिश का अनुमान

भिवानी में गर्मी और उमस का प्रकोप जारी, लेकिन 28 से 30 जुलाई तक बारिश के आसार। मौसम विभाग ने जताई बारिश की संभावना। जानिए ताजा अपडेट।
 

भिवानी। गर्मी के तेवर रविवार को तीखे रहे लेकिन लोगों को आज राहत मिल सकती है। जिले में सुबह से ही तेज धूप और उमस ने आम जनजीवन को प्रभावित किया। चुभती धूप के कारण लोग परेशान नजर आए और दोपहर होते-होते गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाया।

हालांकि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 27 जुलाई को प्रदेश में कहीं-कहीं हवाओं और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भीषण गर्मी और उच्च आर्द्रता के मिले-जुले असर के कारण लोग पसीने से तर-बतर दिखाई दिए। घरों और दफ्तरों में चल रहे पंखे और कूलर भी गर्मी के आगे बेअसर नजर आए। सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे रहे और दिन चढ़ने के साथ तापमान का असर बढ़ता गया।


दुकानदार करते रहे ग्राहकों का इंतजार
गर्मी और चुभती धूप का सीधा असर शहर के प्रमुख बाजारों में देखने को मिला। सुबह 11 बजे के बाद बाजारों में सन्नाटा पसरने लगा। रविवार को आमतौर पर बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ रहती है लेकिन गर्मी के प्रकोप के कारण लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए। व्यापारियों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय खरीदारी करने वालों की संख्या कम हो रही है जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।

28 से 30 जुलाई तक बारिश के आसार
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 27 जुलाई को राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं 28 से 30 जुलाई के दौरान हरियाणा के उत्तरी जिलों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून ट्रफ में बदलाव और नमी वाली हवाओं के कारण आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और रात के तापमान में कमी आने के आसार हैं।