भिवानी में 4mm बारिश के बाद बढ़ा उमस का ग्राफ, जानिए 28 से 30 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम
भिवानी में 4mm बारिश के बाद उमस बढ़ी और हांसी रोड पर जलभराव हुआ। एचएयू के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 28 से 30 जुलाई तक हरियाणा में बारिश का अलर्ट है।
भिवानी। जिले में मंगलवार दोपहर हुई चार एमएम बारिश ने उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत दी लेकिन कुछ देर बाद ही मौसम फिर बदल गया और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई हालांकि गर्मी से विशेष राहत नहीं मिली।
बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में हांसी रोड पर जलभराव का सबसे अधिक असर देखने को मिला। सड़क के दोनों ओर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून टर्फ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा नीचे की ओर जैसलमेर, गुना, सीधी, डाल्टनगंज से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके कारण हरियाणा में मानसून गतिविधियों में थोड़ी कमी बनी हुई है और कुछ स्थानों पर ही बारिश हो रही है।
उन्होंने बताया कि मानसून ट्रफ के उत्तर की ओर बढ़ने और बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं आने की संभावना है। इससे 28 से 30 जुलाई के दौरान हरियाणा के उत्तरी जिलों में ज्यादातर क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना है। हवाओं में बदलाव के चलते दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और रात्रि तापमान में कमी आने की संभावना है।
मौसम में बदलाव से किसानों को भी मिलेगी राहत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून गतिविधियों में बढ़ोतरी होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है। नमी वाली हवाओं के प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इससे गर्मी और उमस से राहत मिलने के साथ कृषि कार्यों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।