{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी में गेहूं खरीद शुरू: कट्टों पर आढ़ती टैग अनिवार्य, ₹2585 MSP तय

भिवानी की 12 मंडियों में ₹2585 MSP पर गेहूं खरीद शुरू। फर्जीवाड़ा रोकने को कट्टों पर लगेगा आढ़ती टैग। 12.5 लाख कट्टों का खुले में होगा भंडारण, जानें पूरा शेड्यूल।

 

भिवानी। गेहूं की एमएसपी पर सरकारी खरीद में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए इस बार प्रत्येक कट्टे को संबंधित फर्म (आढ़ती) के टैग से चिह्नित करना अनिवार्य किया गया है वहीं जिले में करीब साढ़े 12 लाख गेहूं के कट्टों को गोदामों के बजाय खुले में भंडारित किया जाएगा। सरकारी खरीद के दौरान जिस फर्म द्वारा किसानों का गेहूं खरीदा जाएगा उसी फर्म के नाम का टैग कट्टों की भराई के साथ लगाना जरूरी होगा। यदि किसी कट्टे में गेहूं की गुणवत्ता कम पाई जाती है तो एजेंसी उसे वापस आढ़ती को लौटा देगी।

जिले में गेहूं के भंडारण को लेकर स्थिति यह है कि एफसीआई के गोदामों में केवल 15 फीसदी गेहूं ही रखा जा सकेगा जबकि शेष 85 फीसदी गेहूं खुले में भंडारित किया जाएगा। इसके लिए तीन स्थान चिह्वित किए गए हैं। गांव चांग मंडी के समीप करीब ढाई लाख कट्टों, भिवानी की चारामंडी में करीब सात लाख कट्टों और लोहारू रोड स्थित रामदुलारी ओपन स्पेस में साढ़े चार लाख कट्टों का भंडारण खुले में किया जाएगा। इन कट्टों को मौसम से बचाने के लिए तिरपाल का सहारा लिया जाएगा लेकिन तेज हवा में तिरपाल के क्षतिग्रस्त होने से हर बार गेहूं मौसम की मार झेलता है जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित होती है।

जिले में 12 मंडियों को गेहूं की सरकारी खरीद के लिए अधिकृत किया गया है जिनमें पटौदी मंडी को भी शामिल किया गया है। इन मंडियों में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, एचएसडब्ल्यूसी और हैफेड द्वारा एमएसपी पर खरीद की जाएगी। ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर जिले के 58,846 किसान पंजीकृत हैं। पिछले सीजन में 21,980 किसानों से 1,47,191 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई थी जबकि इस बार करीब पांच फीसदी अधिक खरीद की संभावना जताई जा रही है।

गेहूं की सरकारी खरीद के साथ ही मंडियों से कट्टों की उठान भी की जाएगी जिसके लिए ढुलाई ठेकेदारों के टेंडर विभाग द्वारा पहले ही जारी किए जा चुके हैं। खेत, मंडी और भंडारण स्थल पर बारिश की मार पड़ने से गेहूं खराब होने का खतरा बना रहता है जिससे गरीबों तक पहुंचने वाला अनाज भी प्रभावित होता है।

प्लास्टिक और जूट बारदाना में होगी गेहूं की भराई
जिले की 12 मंडियों में किसानों के गेहूं की सरकारी खरीद के साथ प्लास्टिक और जूट बारदाना में भराई कराई जाएगी। इसके लिए जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के पास जूट बारदाना की 700 गांठें और प्लास्टिक बारदाना की 3400 गांठें मुख्यालय पर पहुंच चुकी हैं। प्रत्येक गांठ में 500 कट्टे हैं। इस प्रकार 3,50,000 जूट बारदाना और 1,70,000 प्लास्टिक बारदाना उपलब्ध है। यह बारदाना खरीद शुरू होने से पहले ही मंडियों में पहुंचा दिया गया है।

जिले की 12 मंडियों में संबंधित सरकारी एजेंसियों द्वारा गेहूं की एमएसपी पर खरीद कराई जाएगी। किसानों को 2,585 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी मिलेगा। खरीद के लिए संबंधित एजेंसियों को मंडियां अलॉट हो चुकी हैं। गेहूं की सरकारी खरीद में संबंधित फर्म का टैग प्रत्येक कट्टे पर लगाना अनिवार्य होगा। अगर किसी आढ़ती के गेहूं की गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो उसे गोदाम पहुंचाने से पहले ही वापस लौटा दिया जाएगा। 

किस जगह कौन करेगा गेहूं की खरीद

मंडी का नाम- खाद्य आपूर्ति विभाग - हैफेड- एचएसडब्ल्यूसी

1. बवानीखेड़ा- 00- मंगल, वीर, शनि- सोम, बुध, शुक्र

2. बहल- पूरे सप्ताह हैफेड की खरीद रहेगी

3. भिवानी- सोम, मंगल, बुध, शुक्र - वीर, शनि- 00

4. चांग- पूरे सप्ताह खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की खरीद रहेगी

5. धनाना- मंगल, वीर- सोम, बुध, शुक्र, शनि- 00

6. ढिगावा- पूरे सप्ताह हैफेड की खरीद रहेगी

7. जूई- 00- सोम, मंगल,वीर, शनि- बुध, शुक्र

8. लोहारू- सोम, बुध, शुक्र- मंगल, वीर, शनि- 00

9. सिवानी- पूरे सप्ताह खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की खरीद रहेगी

10. तोशाम- सोम, बुध, वीर, शुक्र- 00- मंगल, शनि

11. खरककलां- पूरे सप्ताह हरियाणा वेयर हाउस कारपोरेशन की खरीद रहेगी

12. पटौदी- पूरे सप्ताह खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ही खरीद करेगा