भिवानी: महिला थाना SHO और IO ₹7000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
भिवानी महिला थाने की एसएचओ कमलेश और आईओ मंजू को फतेहाबाद विजिलेंस ने ₹7000 की घूस लेते पकड़ा। आईटी एक्ट केस से नाम निकालने के बदले मांगी थी रिश्वत।
भिवानी। फतेहाबाद विजिलेंस टीम ने मंगलवार देर शाम भिवानी महिला पुलिस थाने में तैनात एसएचओ कमलेश और जांच अधिकारी (आईओ) मंजू को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आईटी एक्ट में दर्ज एक मामले में आरोपी का नाम बाहर निकालने की एवज में घूस मांगी गई। टीम रात करीब नौ बजे दोनों आरोपियों को अपने साथ लेकर फतेहाबाद रवाना हो गई। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विजिलेंस टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने बताया कि भिवानी के गांव बडाला निवासी संदीप अपनी पत्नी को छोड़कर अन्य महिला के साथ सहमति संबंध में रह रहा था। इस दौरान उसने महिला के आपत्तिजनक फोटो ले लिए। कुछ दिनों बाद उसे छोड़कर फिर से अपनी पत्नी के साथ रहने लगा। सहमति संबंध में रहने वाली महिला ने संदीप के खिलाफ महिला पुलिस थाने में आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये मांगने की प्राथमिकी दर्ज कराई। संदीप ने इस मामले से नाम निकलवाने के लिए महिला थाने की एसएचओ कमलेश व जांच अधिकारी मंजू से संपर्क किया तो उन्होंने सात हजार रुपये की रिश्वत मांगी। उसने दोनों की कॉल रिकॉर्डिंग के साथ फतेहाबाद विजिलेंस को शिकायत दी। विजिलेंस टीम ने शिकायत का सत्यापन कराने के बाद मंगलवार शाम संदीप को सात हजार रुपये देकर एसएचओ को देने भेजा। एसएचओ कमलेश के कहने पर वह थाने पहुंच गया। विजिलेंस टीम भी वहीं पहुंच गई। जैसे ही संदीप ने कमलेश के हाथ में रुपये थमाए इशारा पाते ही विजिलेंस टीम ने पकड़ लिया। इस कार्रवाई से थाने में हड़कंप मच गया। कमलेश से पूछताछ के बाद जांच अधिकारी मंजू को भी गिरफ्तार कर लिया।