भिवानी न्यूज़: कितलाना और बामला टोल प्लाजा को टोल मुक्त करने की मांग
युवा कल्याण संगठन भिवानी ने समाज कल्याण अधिकारी को सौंपा ज्ञापन। कितलाना और बामला टोल के 20 किमी दायरे के स्थानीय निवासियों को टोल शुल्क से मुक्त करने की मांग।
भिवानी। युवा कल्याण संगठन भिवानी ने सोमवार को समाज कल्याण अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कितलाना और बामला टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर क्षेत्र में आने वाले स्थानीय नागरिकों, विशेषकर भिवानी शहर के निवासियों को टोल शुल्क से मुक्त किए जाने की मांग उठाई।
संगठन के संरक्षक कमल प्रधान ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के नियमों के अनुसार टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों को राहत देने का प्रावधान है। इसके बावजूद भिवानी शहर और आसपास के गांवों के लोगों से लगातार टोल शुल्क वसूला जा रहा है। इससे आमजन को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भिवानी क्षेत्र के लोग शिक्षा, व्यापार, नौकरी, कृषि और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए प्रतिदिन इन मार्गों का उपयोग करते हैं। ऐसे में बार-बार टोल शुल्क देना स्थानीय लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन चुका है। इस कारण लोगों में लगातार रोष बढ़ रहा है।
युवा कल्याण संगठन ने प्रशासन से मांग की कि कितलाना और बामला टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर दायरे में आने वाले गांवों और विशेष रूप से भिवानी शहर के निवासियों को एनएचएआई नियमों के अनुरूप टोल शुल्क से मुक्त करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाए। इस अवसर पर अशोक खारियावास, मास्टर सतबीर, वेदपाल रिटायर्ड तहसीलदार, तिलक नरवाल, विक्की जाखड़, अशोक मलिक, दुष्यंत कलकल, संजय राव, मामन राम वाल्मीकि, मनोज भट्ट, ओमप्रकाश जोगी उपस्थित रहे।