{"vars":{"id": "123258:4912"}}

कर्नाल विधायक जगमोहन आनंद का दुष्यंत पर वार: बोले- अब आप डिप्टी सीएम नहीं, आम नागरिक हैं

करनाल विधायक जगमोहन आनंद ने दुष्यंत चौटाला को दी नसीहत। कहा- यूनिवर्सिटी में हंगामा शोभा नहीं देता, वीआईपी कल्चर छोड़ कानून का सम्मान करें पूर्व उपमुख्यमंत्री।

 

करनाल: करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद ने पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को निशाने पर लेते हुए कहा है कि उन्हें अब अपनी वर्तमान स्थिति स्वीकार कर लेनी चाहिए। विधायक ने कहा कि दुष्यंत चौटाला को यह समझ लेना चाहिए कि अब वह न तो उपमुख्यमंत्री हैं और न ही विधायक, बल्कि वह अब प्रदेश के एक आम नागरिक हैं।

यूनिवर्सिटी प्रकरण पर उठाए सवाल
यूनिवर्सिटी में हुए हंगामे का जिक्र करते हुए जगमोहन आनंद ने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री होने का मतलब यह कतई नहीं है कि किसी को कानून तोड़ने की इजाजत मिल जाए। उन्होंने कहा, "यूनिवर्सिटी जैसे शिक्षा के मंदिर में जाकर 'हु-हल्ला' करना और कानून की धज्जियां उड़ाना किसी को शोभा नहीं देता। उन्हें यह अधिकार किसने दिया?"

पुलिस और मुख्यमंत्री पर टिप्पणी को लेकर घेरा
विधायक ने दुष्यंत चौटाला के 'धमकी भरे लहजे' पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि अगर किसी पुलिस कर्मचारी ने उनसे बात की है, तो उस पर धमकी भरा लहजा अपनाना गलत है। मुख्यमंत्री की एनीमेशन फोटो बनाकर उनका मजाक उड़ाना एक पूर्व संवैधानिक पद पर रहे व्यक्ति को शोभा नहीं देता। उन्हें संयम से काम लेना चाहिए।

"VIP कल्चर छोड़ें, कानून का सम्मान करें"
जगमोहन आनंद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हरियाणा में कानून का राज चलता है। उन्होंने चौटाला को नसीहत देते हुए कहा कि पहले व्यक्ति को एक अच्छा नागरिक बनना चाहिए, वीआईपी कल्चर और पद का अहंकार छोड़कर जनता और कानून का सम्मान करना चाहिए।