Karnal Police Action: विधायक जगमोहन आनंद को पत्र भेजकर धमकाने वाला आरोपी दबोचा, गैंग का सदस्य बनकर लिखा था लेटर
करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी देने वाले एक रिटायर्ड प्रिंसिपल को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
करनाल : हरियाणा के करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद और उनके बेटे को पत्र के जरिए जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी कोई और नहीं, बल्कि एक रिटायर्ड प्रिंसिपल (गुलाब) है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
क्या था पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद को एक पत्र मिला था। इस पत्र में विधायक और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई थी। साथ ही पत्र में परिवार के खिलाफ गंदी-गंदी गालियां, अभद्र टिप्पणियां और समाज व बेटियों के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी गई थीं। आरोपी ने पत्र में खुद को किसी नामी गैंग का सदस्य भी बताया था। धमकी मिलने के बाद से ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और लगातार मामले की जांच की जा रही थी।
मामले की जानकारी देते हुए सीआईए-3 शाखा के जांच अधिकारी रणधीर ने बताया कि विधायक जगमोहन आनंद की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य कड़ियों को जोड़ते हुए कल आरोपी रिटायर्ड प्रिंसिपल को दबोच लिया।
बीती देर रात पुलिस की टीम आरोपी को मेडिकल के लिए अस्पताल लेकर पहुँची। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने यह कदम क्यों उठाया और इस साजिश के पीछे और कौन-कौन शामिल है। आगामी 18 सितंबर को आरोपी को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।