बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा बयान: राम मंदिर चंदा चोरी जांच पर रखी ये बात
रोहतक: महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के खेल स्टेडियम में आयोजित भारतीय कुश्ती संघ की महिला सीनियर नेशनल चैंपियनशिप के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच निष्पक्ष नहीं हुई तो वह इस मुद्दे पर खुलकर अपनी आवाज उठाएंगे.
जांच पूरी होने का इंतजार जरूरी: मीडिया से बातचीत के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि, "जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही अंतिम टिप्पणी करना उचित होगा. यदि जांच निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर सही पाई जाती है तो उसे स्वीकार किया जाएगा. किसी भी मामले में बिना पूरी जांच के निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है."
"गड़बड़ी हुई तो सवाल भी उठाऊंगा": पूर्व सांसद ने आगे कहा कि, "यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई या किसी को बचाने का प्रयास किया गया तो मैं उसके खिलाफ खुलकर आवाज उठाऊंगा. मैं किसी से डरने वालों में नहीं हूं. यदि जांच निष्पक्ष नहीं हुई तो मैं सवाल भी उठाऊंगा और अपनी बात भी रखूंगा. पारदर्शिता और निष्पक्षता किसी भी जांच की सबसे बड़ी कसौटी होती है."
अखिलेश यादव के आरोपों पर किया पलटवार: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार पर लगाए गए आरोपों के संबंध में पूछे गए सवाल पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि, "विपक्ष का काम सरकार से सवाल करना है. जब जांच चल रही है तो उसके पूरा होने का इंतजार करना चाहिए. यदि आरोप सही साबित होते हैं तो कार्रवाई होनी चाहिए और यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो उस पर भी सवाल उठाए जाएंगे."
महिला पहलवानों का किया सम्मान: कार्यक्रम के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने महिला सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेने वाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि उन्हें कुश्ती से विशेष लगाव है और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से वह रोहतक पहुंचे हैं. राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों की सबसे अधिक भागीदारी रहती है.
हरियाणा की खेल नीति की सराहना: बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि, "हरियाणा के खिलाड़ियों के साथ भेदभाव किए जाने के आरोप पूरी तरह निराधार हैं. लड़कों का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर लखनऊ और लड़कियों का शिविर दिल्ली में संचालित हो रहा है, जहां बड़ी संख्या में हरियाणा के खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं. हरियाणा सरकार की खेल नीति, अखाड़ा योजना, आधुनिक अकादमियां और खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाएं अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर हैं. यही कारण है कि हरियाणा लगातार देश को सर्वाधिक प्रतिभाशाली पहलवान और खिलाड़ी दे रहा है."