CBLU प्रवेश 2026: पीजी और डिप्लोमा कोर्स में आवेदन की अंतिम तिथि कल
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में पीजी, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश का अंतिम मौका। 9 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन। परिणाम लंबित वाले भी भरें फॉर्म।
भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाण-पत्रीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 जुलाई है। ऐसे में किसी कारणवश दाखिले से वंचित विद्यार्थियों के पास आवेदन करने का अंतिम अवसर है।
डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. सुनीता भरतवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर और ऑनलाइन पोर्टल पर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में दाखिलों को लेकर उत्साह देखने को मिला है। इसी को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया था। उन्होंने बताया कि रोजगारोन्मुखी एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रम, आधुनिक अधोसंरचना, अनुभवी संकाय और छात्र केंद्रित सुविधाओं के कारण इस बार प्रवेश के लिए ज्यादा रुचि देखने को मिली है।
विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित प्रवेश सहायता केंद्रों पर कर्मचारी और स्वयंसेवक आवेदकों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दे रहे हैं। इच्छुक विद्यार्थी 9 जुलाई तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता और विस्तृत जानकारी के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।
वहीं विश्वविद्यालय के प्रेमनगर स्थित नए परिसर में दाखिला प्रक्रिया के दौरान आने वाली किसी भी असुविधा के समाधान के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से हेल्प डेस्क भी लगाया गया है जहां विद्यार्थियों को दाखिले से संबंधित सभी प्रकार की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
अंतिम वर्ष का परिणाम नहीं आया, तब भी कर सकते हैं आवेदन
विश्वविद्यालय ने ऐसे विद्यार्थियों को भी आवेदन करने की अनुमति दी है जिनके अंतिम सेमेस्टर अथवा अंतिम वर्ष का परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है। हालांकि यह सुविधा इस शर्त के साथ होगी कि संबंधित विद्यार्थी प्रथम काउंसिलिंग से पहले अपना लंबित परिणाम विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपडेट करवाए। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस निर्णय का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में प्रवेश का अवसर उपलब्ध कराना तथा उनकी सुविधा सुनिश्चित करना है।
विश्वविद्यालय में पीजी व डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 जुलाई है। ऐसे में अभी तक दाखिलों से वंचित विद्यार्थियों के पास ऑनलाइन आवेदन करने का सुनहरा अवसर है। विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी जल्द से जल्द पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करें।