{"vars":{"id": "123258:4912"}}

चंडीगढ़ ब्लास्ट: बुड़ैल में एक साथ फटे 3 सिलेंडर, मकान गिरा, 3 गंभीर घायल

चंडीगढ़ के बुड़ैल गांव में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान तीन सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा। मकान की दीवार गिरी, 3 लोग मलबे में दबे। पुलिस और CRPF मौके पर, जांच शुरू।

 

चंडीगढ़: सोमवार की शाम चंडीगढ़ में एक ही घर में तीन सिलेंडर ब्लास्ट हो गए. हादसे में तीन लोगों के घायल होने की खबर है. धमाके इतने तेज थे की घर की दीवार गिर गई. इसके अलावा साथ लगते घरों में भी दरारें आ गई. मिली जानकारी के मुताबिक बुड़ैल गांव के जिस घर में धमाका हुआ. उसमें 15 गैस सिलेंडर रखे हुए थे. यहां ब्लैक में गैस भरी जाती है. गैस भरते वक्त ये हादसा हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

चंडीगढ़ में सिलेंडर ब्लास्ट: हादसे में तीन मंजिला मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में घायल तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि गैस रिसाव के बाद धमाके हुए. लोगों का आरोप है कि यहां अवैध तरीके से सिलिंडरों का कारोबार किया जाता था और ब्लैक में गैस बेची जाती थी.

ब्लास्ट में तीन घायल: प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहला धमाका होते ही इलाके में भगदड़ मच गई. लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले दो और जोरदार विस्फोट हो गए. धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के मकानों की दीवारें तक हिल गईं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और सीआरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई. राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया. मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग और हालात पर काबू पाया.

अवैध गैस कारोबार के एंगल से जांच: पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में गैस रिसाव को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अवैध गैस कारोबार के एंगल से भी जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इलाके में चल रहे अवैध गैस कारोबार पर पहले कार्रवाई होती तो शायद इतना बड़ा हादसा नहीं होता. फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है.