चंडीगढ़ में आज दवा की दुकानों की हड़ताल; जानें कौन से मेडिकल स्टोर रहेंगे खुले
AIOCD के आह्वान पर आज चंडीगढ़ में मेडिकल स्टोर बंद। मरीजों की सुविधा के लिए प्रशासन ने 50 से ज्यादा फार्मेसी और जन औषधि केंद्र खुले रखने के आदेश दिए। पूरी लिस्ट देखें।
चंडीगढ़: 'ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स' यानी AIOCD ने 24 घंटे की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है. जिसका असर हरियाणा समेत चंडीगढ़ में भी देखने को मिलेगा. ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स द्वारा दवाओं की ऑनलाइन बिक्री और भारी डिस्काउंटिंग के विरोध में आज दवा की दुकानें बंद रहेंगी. संगठन का दावा है कि मरीजों को परेशानी से बचाने के लिए आपातकालीन दवाओं की आपूर्ति के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.
चंडीगढ़ में बंद रहेंगे मेडिकल स्टोर: चंडीगढ़ की ज्यादातर मेडिकल दुकानें आज बंद रहेंगी, लेकिन जरूरी और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने 50 से ज्यादा फार्मेसी दुकानों को खुला रखने की व्यवस्था की है. चंडीगढ़ हेल्थ विभाग ने ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स से चंडीगढ़ लोगों और बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के लिए अस्पताल के अंडर दुकानें खुली रखवाने का अपील की है.
यहां खुले रहेंगे दवा स्टोर: 20 मई को चंडीगढ़ की 19 जनोषधि और 20 से ज्यादा मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे. PGIMER, GMCH-32, GMSH-16, सेक्टर-45 सिविल अस्पताल और मनीमाजरा सिविल अस्पताल के आसपास मरीजों की सुविधा के लिए चुनिंदा दवा दुकानें चालू रहेंगी. स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी सूची में अस्पतालों के भीतर और आसपास मौजूद मेडिकल स्टोर्स को शामिल किया गया है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी का सामना ना करना पड़े.
अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील: चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग डायरेक्टर डॉक्टर सुमन सिंह ने लोगों से अपील की है कि वो अफवाहों पर ध्यान ना दें. डॉकर सुमन ने कहा कि "जरूरत के अनुसार ही दवाइयां खरीदें. अस्पतालों और इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े मेडिकल स्टोर्स पर दवाओं की सप्लाई सामान्य रहेगी. इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है." हालांकि हरियाणा के फार्मेसी संगठनों ने हड़ताल में शामिल नहीं होने का फैसला किया है. इसलिए इस हड़ताल का असर शायद हरियाणा में ना दिखाई दे.