चंडीगढ़: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर दीपेंद्र हुड्डा की बड़ी प्रतिक्रिया
चंडीगढ़: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रतिक्रिया दी है. दरअसल नीट परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर दिल्ली समेत देशभर में प्रदर्शन कर रहे छात्र धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. जिसके बाद ये इस्तीफा आया है. अब उनके इस्तीफे पर दीपेंद्र हुड्डा ने प्रतिक्रिया दी.
'लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई'- दीपेंद्र हुड्डा: दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि "ये केवल एक मंत्री का इस्तीफा नहीं, देश के लाखों युवाओं और छात्रों के संघर्ष की पहली बड़ी जीत है. जो सरकार युवाओं की आवाज को अनसुना कर रही थी, उसे आज झुकना ही पड़ा. लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है, जब तक पूरी व्यवस्था में सुधार और न्याय नहीं मिलता, हम रुकेंगे नहीं."
'Gen Z को हलके में मत लेना': सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट के जरिए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि "मोदी सरकार, आगे कुछ भी करना, कितने ही जुल्म ढाँना लेकिन देश के “gen z” को हल्के में मत लेना."
दीपेंद्र हुड्डा का सरकार पर निशाना: एक और पोस्ट के जरिए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि "जो दबा रहे थे आवाज हमारी, आज वो खुद खामोश बैठे हैं." उन्होंने लिखा "जो हमे हिरासत में ले रहें थे, आज वो अपने महलों में क़ैद से, छुपे से बैठे है। जो दबा रहे थे आवाज हमारी, आज वो खुद खामोश बैठे हैं। इंकलाब जिंदाबाद। हिंदुस्तान ज़िन्दबाद।"
धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफे में जानें क्या कहा: धर्मेंद्र प्रधान ने युवाओं को संबोधित करते हुए लिखे पत्र में अपने इस्तीफे की घोषणा की. उन्होंने लिखा, "यह सुनिश्चित करने के लिए कि जंतर-मंतर और देश भर की स्थिति का फायदा देश-विरोधी तत्व न उठा सकें, देश एकजुट रहे, और भारत के छात्र कानूनी मुश्किलों में न फंसें बल्कि अपनी पढ़ाई और करियर पर ध्यान दें, मैंने प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया है."