{"vars":{"id": "123258:4912"}}

E-Auction Sector 33 44 19B 35 Updates: 15 से 17 दिसंबर तक लगेगी ऑनलाइन बोली, 100 से 1014 वर्ग गज तक के फ्री-होल्ड प्लॉट शामिल

चंडीगढ़ एस्टेट ऑफिस ने 12 फ्री-होल्ड रिहायशी प्लॉटों की ई-नीलामी शुरू की है। 15 से 17 दिसंबर तक ऑनलाइन बोली लगेगी। जानें शेड्यूल और नियम।
 

चंडीगढ़: शहर में अपना मकान बनाने की चाह रखने वालों के लिए एस्टेट ऑफिस ने 12 रिहायशी प्लॉटों की ई-नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सेक्टर-27डी, 44, 40ए, 44बी, 37, 38, 33, 19-बी और 35 में स्थित ये सभी संपत्तियां फ्री-होल्ड हैं।

📐 15 से 17 दिसंबर तक ऑनलाइन बोली; 100 से 1014 वर्ग गज तक के प्लॉट

इच्छुक लोग 15 से 17 दिसंबर तक सरकारी ई-ऑक्शन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन बोली लगा सकेंगे। नीलामी में 100 से 1014 वर्ग गज तक के प्लॉट शामिल हैं। इनमें सेक्टर-44बी के 100-100 वर्ग गज के दो प्लॉट व सेक्टर-33 के 1014 व 525.74 वर्ग गज के प्लॉट प्रमुख हैं। सेक्टर-40ए में भी दो साइटें रखी गई हैं।

सूची में सेंट्रल के साथ दो कॉर्नर प्लॉट भी हैं। सेक्टर-33 के प्रॉपर्टी नंबर 558 और 1710 कॉर्नर प्लॉट हैं। कॉर्नर और पार्क फेसिंग साइटों के लिए रिजर्व प्राइस के अलावा पांच प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क देना होगा। प्रत्येक प्लॉट का रिजर्व प्राइस और अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) अलग निर्धारित है।

🗓️ 28 और 29 नवंबर को प्री-बिड सेमिनार

इच्छुक बोलीदाताओं के लिए 28 और 29 नवंबर को दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक प्री-बिड सेमिनार होगा। आयोजन एस्टेट ऑफिस, टाउन हॉल बिल्डिंग, सेक्टर-17 की पहली मंजिल स्थित कमेटी रूम में किया जाएगा। इसमें नीलामी की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।

💻 11 दिसंबर तक जमा होगी ईएमडी; पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य

EMD जमा करने की प्रक्रिया 20 नवंबर से शुरू हो गई है। इसकी अंतिम तारीख 11 दिसंबर है। दस्तावेजों और EMD की जांच व मंजूरी 11 से 14 दिसंबर तक होगी। इसके बाद 15 से 17 दिसंबर तक ऑनलाइन बोली लगेगी। बोली में हिस्सा लेने के लिए ई-ऑक्शन पोर्टल पर पंजीकरण कर यूजरनेम-पासवर्ड बनाना होगा।