{"vars":{"id": "123258:4912"}}

WEP & Desi Craving Event: महिला उद्यमियों को मिलेगा सम्मान और वित्तीय प्रोत्साहन, 21 अगस्त को चंडीगढ़ के हिमाचल भवन में जुटेगी प्रतिभा

21 अगस्त को चंडीगढ़ में नीति आयोग के WEP व देसी क्रेविंग द्वारा महिला उद्यमियों व SHG के लिए विशेष प्रदर्शनी का आयोजन।
 

चंडीगढ़ : हरियाणा की महिला उद्यमियों तथा महिलाओं द्वारा संचालित सेल्फ हेल्प ग्रुप के माध्यम से प्रदेश भर की महिलाएं 21 अगस्त को राजधानी चंडीगढ़ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। नीति आयोग के मार्गदर्शन में संचालित वूमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफार्म (डब्ल्यूईपी) व देसी क्रेविंग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए देसी क्रेविंग की संस्थापक सदस्य रूचिता बंसल ने बताया कि हरियाणा के ग्रामीण अंचल में बहुत सी महिलाएं ऐसी हैं,जिनके पास हुनर तो है लेकिन मार्केट लिंक नहीं होने के कारण वह अपने उत्पादों को आम लोगों तक नहीं पहुंचा पाती है। जिसके चलते वूमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफार्म, में नीति आयोग की वरिष्ठ सलाहकार सुश्री ऐन्ना रॉय के नेतृत्व में देसी क्रेविंग का गठन किया। इस प्लेटफार्म में संघर्ष के साथ सफलता हासिल करने वाली महिलाओं, सेल्फ हेल्प ग्रुप आदि से जुड़ी महिलाओं को शामिल किया गया है।

इस कार्यक्रम में भाग लेने वाली 50 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा और प्रथम तीन स्थान पर आने वाली महिलाओं को वित्तीय प्रोत्साहन भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ के हिमाचल भवन में होने वाले इस कार्यक्रम में हरियाणा के विभिन्न जिलों की महिलाएं फूड प्रोसैसिंग तथा खाद्य सामग्री से जुड़े क्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाएं अपने उत्पाद लेकर आएंगी। 

इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का एक मंच मुहैया करवाया जा रहा है। जहां से उन्हें खरीददार तथा लंबे समय तक चलने वाली ग्राहक चेन मिलेगी। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने की ट्रेनिंग, हरियाणा व भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। दूर दराज के क्षेत्रों में रहकर घरों में काम करने वाली महिलाओं को उद्यमियों की श्रेणी में खड़ा किया जाएगा। रूचिता बंसल ने बताया कि 21 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम के संबंध में हरियाणा के राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष के साथ बैठक करके न केवल उन्हें निमंत्रण दिया गया है बल्कि उन्होंने भविष्य की योजनाओं में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है। इसके अलावा कई राजनीतिक दिग्गज व प्रशासनिक अधिकारी उद्यमी महिलाओं का उत्साहवर्धन करेंगे।