Chandigarh Municipal Election Updates: तेजस, चीन और पाकिस्तान से जुड़े फर्जी बयान जोड़ने का आरोप, दिल्ली पुलिस में दर्ज शिकायत
चंडीगढ़: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के चंडीगढ़ दौरे के दौरान दिए गए भाषण का कथित तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से फर्जी वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसको लेकर BJP की चंडीगढ़ इकाई ने राजनीतिक साजिश की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. धीरेंद्र तायल ने कहा कि वीडियो में राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम से ऐसे बयान जोड़े गए, जो उन्होंने अपने संबोधन में नहीं दिए थे। डॉ. तायल के मुताबिक, नितिन नवीन चंडीगढ़ में BJP कार्यकर्ताओं को संबोधित करने और नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत करने पहुंचे थे। उनके दौरे के कुछ ही घंटों बाद एक छेड़छाड़ वाला वीडियो प्रसारित होने लगा। इसमें चीन, पाकिस्तान और भारत के स्वदेशी तेजस लड़ाकू विमान जैसे संवेदनशील मुद्दों पर कथित बयान उनके नाम से दिखाए गए।
🗳️ चुनाव के समय वीडियो प्रसारित होने पर सवाल
डॉ. तायल ने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम और पंजाब विधानसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में इस वीडियो का सामने आना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि "इसके पीछे किसी संगठित राजनीतिक उद्देश्य की भूमिका हो सकती है। यह भी जांच होनी चाहिए कि क्या वीडियो का इस्तेमाल BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से ध्यान हटाने और चुनाव से पहले विवाद खड़ा करने के लिए किया गया।" उन्होंने कहा कि "वास्तविक भाषण के वीडियो के साथ कथित रूप से फर्जी ऑडियो जोड़कर ऐसे बयान प्रसारित करना गंभीर मामला है। राजनीतिक दलों को एक-दूसरे की नीतियों की आलोचना करने का अधिकार है, लेकिन AI के जरिए किसी नेता के नाम से फर्जी बयान तैयार कर उन्हें वास्तविक भाषण के रूप में पेश करना स्वीकार्य नहीं है।"
🔍 वीडियो बनाने, प्रसारित करने वालों की पहचान हो
BJP प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी की ओर से इस मामले में दिल्ली पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने मांग की कि जांच एजेंसियां वीडियो तैयार करने वाले व्यक्ति, इसे सबसे पहले प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट और इसके पीछे सक्रिय संभावित नेटवर्क की पहचान करें। डॉ. तायल ने कहा कि "जांच केवल वीडियो बनाने वाले तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि इसे तैयार करवाने के पीछे कौन था और किन लोगों ने जानबूझकर इसे आगे प्रसारित किया। यदि इसके पीछे कोई राजनीतिक साजिश है तो उसे भी सामने लाया जाना चाहिए।"
📢 सभी दलों से फर्जी वीडियो की निंदा करने की अपील
डॉ. तायल ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे AI तकनीक के माध्यम से नेताओं के भाषणों में की जाने वाली छेड़छाड़ का विरोध करें, चाहे ऐसा किसी भी दल के नेता के साथ हुआ हो। उन्होंने कहा कि चुनाव नीतियों, विचारों और कामकाज के आधार पर लड़े जाने चाहिए, न कि फर्जी भाषणों के जरिए मतदाताओं को भ्रमित करके।