{"vars":{"id": "123258:4912"}}

चंडीगढ़ मर्डर: सेक्टर-9 में जिम के बाहर प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, हमलावरों ने दागी 8 गोलियां!

चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-9 में बड़ी वारदात। जिम से निकलते ही प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग। हेलमेट पहने हमलावरों ने मारी 8 गोलियां। PGI ले जाते समय मौत।

 

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में बुधवार को एक प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब वह जिम से बाहर निकल रहा था। बाइक पर सवार हमलावर हेलमेट पहनकर आए और आते ही उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में  डीलर को 8 गोलियां लगीं, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

जिम से बाहर निकलते ही हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रॉपर्टी डीलर रोज की तरह जिम से बाहर निकला था। जैसे ही वह बाहर आया, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना के बाद उसके साथ मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए उसे स्कॉर्पियो गाड़ी में डालकर पीजीआई अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ती चली गई। सूत्रों के मुताबिक, अत्यधिक खून बह जाने के कारण वह अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुका था।

हमलावरों ने हेलमेट पहनकर की वारदात  

हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद वे मौके से तेजी से फरार हो गए। पुलिस के लिए उनकी पहचान करना फिलहाल चुनौती बना हुआ है।