{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Lord Swaraj Paul Funded School Building: तीन साल के इंतजार के बाद पूरा हुआ टेंडर, चांग के राजकीय कन्या स्कूल में जल्द बनेंगी नई इमारतें

चांग गांव की बेटियों के लिए 3.30 करोड़ से बनेगा नया स्कूल भवन। टेंडर प्रक्रिया पूरी, लॉर्ड स्वराज पॉल ने दी थी राशि।
 

चांग। तीन साल के इंतजार के बाद आखिर चांग की बेटियों के लिए नए स्कूल भवन का रास्ता साफ हो गया है। शिक्षा विभाग करीब 3.30 करोड़ रुपये की लागत से भवन का निर्माण करवाएगा जिसके लिए निदेशालय स्तर पर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

करीब तीन साल पहले उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल ने 287 छात्राओं की सुविधा के लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परिषद, पंचकूला को भवन निर्माण के लिए राशि दी थी। इसके बाद ग्रामीण लगातार शिक्षा परिषद के चक्कर लगा रहे थे। अब निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने से बेटियों को बेहतर ढांचागत सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।

चांग कन्या स्कूल की जर्जर इमारत, कक्षा-कक्षों की कमी और नए भवन की जरूरत का मुद्दा अमर उजाला ने लगातार प्रमुखता से उठाया था। राशि उपलब्ध होने के बावजूद निर्माण में हो रही देरी को लेकर भी खबरें प्रकाशित की गई थीं। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में कदम बढ़ा है।

चांग के कन्या स्कूल से पढ़कर निर्मल दहिया बनीं जिला शिक्षा अधिकारी
गांव चांग के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ी डॉ. निर्मल दहिया वर्तमान में भिवानी में जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने स्कूल के नए भवन के निर्माण की सुध लेते हुए प्रक्रिया को सिरे चढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।

प्रसिद्ध उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल ने दी थी राशि
गांव चांग में करीब 52 साल पहले राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निर्माण लॉर्ड परिवार ने कराया था। लॉर्ड स्वराज पॉल की ओर से एपीजे शिक्षा समिति चांग कन्या स्कूल की समय-समय पर देखरेख के लिए आती रहती है। ग्रामीणों ने समिति के समक्ष भवन निर्माण की मांग रखी थी जिसके बाद एपीजे शिक्षा समिति की ओर से करीब 3.30 करोड़ रुपये जारी किए गए।

दो शिफ्टों में लग रहा है कन्या स्कूल
कक्षा-कक्षों की कमी के कारण चांग कन्या स्कूल दो शिफ्टों में चल रहा है। कक्षा छह से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक और पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं दोपहर एक से शाम पांच बजे तक लगती हैं। विद्यालय में करीब 287 छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। वर्ष 2025 में शिक्षा बोर्ड की ओर से विद्यालय में दसवीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया था। पर्याप्त कक्षा-कक्ष नहीं होने के कारण इस बार परीक्षा केंद्र रद्द कर दिया गया और छात्राओं को करीब 15 किलोमीटर दूर बामला में परीक्षा देने जाना पड़ा। नए भवन के निर्माण के बाद इस परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

गांव चांग की 21 सदस्यीय कमेटी पिछले दो साल से कन्या स्कूल के नए भवन निर्माण के लिए प्रयास कर रही थी। इसके लिए कमेटी शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा व कष्ट निवारण समिति की बैठक में अपनी बात रख चुकी है। अब विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बारे में पता चला है। उम्मीद है कि अब जल्द से जल्द बेटियों को नया भवन मिल जाएगा।

सेठ लॉर्ड स्वराज का परिवार गांव चांग में रहा है। उन्होंने स्कूल भवन निर्माण के लिए तीन साल पहले चांग के राजकीय कन्या स्कूल के निर्माण कार्य के लिए 3.30 करोड़ रुपये दे रखे थे। सालों बाद अब पता चला है कि चांग कन्या स्कूल के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही बेटियों के लिए नए भवन का निर्माण करवाया जाएगा।

ग्रामीणों व भाईचारा ग्रुप से पता चला है कि स्कूल के नए भवन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके लिए गांव चांग की कमेटी, ग्रामीण व स्कूल द्वारा पिछले लंबे समय से मांग की जा रही थी। जल्द ही गांव चांग की बेटियों को नए भवन में पढ़ने का अवसर मिलेगा।

आखिरकार शिक्षा विभाग ने गांव चांग की बेटियों के लिए नए भवन की सुध ली है। नए भवन के साथ-साथ और भी अन्य सुविधाएं बेटियों को मिलने जा रही हैं। गांव चांग में करीब 52 साल पहले राजकीय कन्या स्कूल का निर्माण लॉर्ड स्वराज परिवार द्वारा करवाया था। एक बार फिर से उनके परिवार ने सवा तीन करोड़ स्कूल भवन के लिए दिए हैं। नए भवन के बाद राजकीय स्कूल में बेटियों की संख्या बढ़ने की भी उम्मीद है। 

गांव चांग के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाली 287 बेटियों के लिए जल्द नया विद्यालय भवन निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग के सहयोग व लॉर्ड स्वराज पॉल द्वारा नए भवन का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। ये बेटियों की शिक्षा के लिए बहुत बड़ा योगदान है।

चांग के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही गांव चांग की बेटियों को नया भवन मिलेगा। इसका काम भी तय समय सीमा में आरंभ कराया जाएगा।