चांग गांव में जलभराव का स्थायी समाधान: 17 लाख से डलेगी 3000 फीट लंबी पाइपलाइन
भिवानी के चांग गांव में 40 साल पुरानी जलभराव की समस्या होगी खत्म। ग्राम पंचायत 17 लाख रुपये की लागत से 3000 फीट लंबी पाइपलाइन बिछाकर ड्रेन तक करेगी पानी की निकासी।
चांग। गांव चांग की गोलागढ़ी में बरसाती जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्राम पंचायत करीब 17 लाख रुपये की लागत से तीन हजार फीट लंबी आठ इंच की पाइप लाइन डालकर पानी की निकासी सीधे ड्रेन तक कराएगी। इस योजना से लगभग 20 हजार की आबादी वाले गांव की करीब 40 फीसदी आबादी को राहत मिलेगी।
ग्राम पंचायत ने इस कार्य के लिए पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग से एनओसी जारी करा ली है जबकि वक्फ बोर्ड से एनओसी की प्रक्रिया जारी है। पंचायत ने प्रस्ताव पास कर गोलागढ़ी की खाड़ी से भिवानी-महम मुख्य मार्ग की ड्रेन तक पाइप लाइन बिछाने का निर्णय लिया है। इस कार्य पर ग्राम पंचायत स्वयं करीब 17 लाख रुपये खर्च करेगी।
गांव चांग की गोलागढ़ी की खाड़ी जोहड़ी में मात्र दो एमएम बारिश होने पर ही निचले क्षेत्र के घरों तक पानी पहुंच जाता है। हर वर्ष मानसून के दौरान सिंचाई विभाग की मैकेनिकल शाखा को अस्थायी रूप से यहां बरसाती पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन डालनी पड़ती है और महीनों तक निकासी का कार्य कराना पड़ता है। भारी-भरकम पाइपों को लाने, उन्हें वापस मैकेनिकल कर्मशाला तक पहुंचाने तथा पंपिंग मशीनरी के रखरखाव का खर्च भी उठाना पड़ता है, जो ग्राम पंचायत के लिए बड़ी परेशानी बना रहता है। अब पंचायत ने इसका स्थायी समाधान निकाल लिया है।
पढ़े-लिखे दंपती ने संभाली ग्राम पंचायत की कमान तो बदली सूरत गांव चांग की महिला सरपंच सुदेश रानी एमए, बीएड हैं। पंचायत चुनाव में जिले में सर्वाधिक मत हासिल करने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज है। ग्राम पंचायत की कमान संभालने के बाद उन्होंने गांव के विकास को लेकर कई रचनात्मक कदम उठाए हैं, जिनसे ग्रामीणों की जीवनशैली में बदलाव महसूस किया जा रहा है।
बुजुर्ग महिला की अर्थी भी बरसाती पानी से होकर श्मशान घाट तक पहुंची थी। पिछले वर्ष एक बुजुर्ग महिला की मृत्यु के बाद उसकी अर्थी परिजनों को बरसाती जलभराव के बीच से होकर श्मशान घाट तक ले जानी पड़ी थी। वहीं, एक परिवार को घरों के अंदर बरसाती पानी जमा होने के कारण शादी समारोह दूसरी जगह कराने पर मजबूर होना पड़ा था।
गांव चांग की गोलागढ़ी की खाड़ी के आसपास के आवासीय इलाकों की करीब 40 साल पुरानी समस्या का अब ग्राम पंचायत ने स्थायी समाधान निकाल दिया है। इसके लिए 17 लाख के बजट से तीन हजार फीट की पाइप लाइन डालने का काम शुरू कराया गया है। संबंधित विभागों से एनओसी हो चुकी है। पानी निकासी के लिए स्थायी तौर पर खाड़ी के पास चैंबर निर्माण किया जाएगा जिससे बारिश के दौरान अतिरिक्त पानी को सीधे ड्रेन तक पहुंचाना आसान होगा और घरों तक बारिश का पानी नहीं पहुंचेगा।