{"vars":{"id": "123258:4912"}}

कॉलेज दाखिले: डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की आखिरी तारीख कल, चेक करें पूरा शेड्यूल

कॉलेजों में दाखिले के लिए दस्तावेज सत्यापन की अंतिम तिथि 18 जुलाई है। पहली मेरिट सूची 22 जुलाई को आएगी। एडमिशन और फीस जमा करने का पूरा शेड्यूल यहाँ देखें।

 

भिवानी। महाविद्यालयों में नए सत्र के दाखिलों के लिए दस्तावेज सत्यापन की अंतिम तिथि शनिवार है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब कॉलेजों की दाखिला समितियां 18 जुलाई तक विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करेंगी और उनकी लॉगिन आईडी में आवश्यक त्रुटियों का सुधार करवाएंगी।

इसके बाद 20 जुलाई को पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी होगी। पहली प्रोविजनल मेरिट सूची 21 जुलाई और पहली फाइनल मेरिट सूची 22 जुलाई को जारी की जाएगी। उच्चतर शिक्षा विभाग ने सभी महाविद्यालयों को निर्धारित समय के भीतर दस्तावेजों का सत्यापन और आवेदन संबंधी त्रुटियों का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। पहली फाइनल मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को 23 से 27 जुलाई तक फीस जमा कराने का अवसर मिलेगा।

यदि पहली सूची के बाद सीटें रिक्त रहती हैं तो 28 जुलाई को दूसरी प्रोविजनल मेरिट सूची जारी होगी। दूसरी फाइनल मेरिट सूची 29 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी। दूसरी सूची में चयनित अभ्यर्थी 30 जुलाई से तीन अगस्त तक फीस जमा करा सकेंगे। इसके बाद भी सीटें खाली रहने पर चार अगस्त से फिजिकल काउंसिलिंग शुरू की जाएगी।

खाली सीटों के लिए पांच अगस्त से फिर खुलेगा पोर्टल
मेरिट सूची और फिजिकल काउंसिलिंग के बाद जिन कक्षाओं में सीटें रिक्त रहेंगी, उन्हें भरने के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग पांच अगस्त से दोबारा पोर्टल खोलेगा। इस दौरान नए पंजीकरण के साथ पहले से आवेदन कर चुके विद्यार्थी भी अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। छह से 12 अगस्त तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ दाखिले होंगे। इसके बाद 13 से 19 अगस्त तक प्रतिदिन बढ़ने वाले विलंब शुल्क के साथ प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी।

महाविद्यालयों में दाखिलों के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। दाखिलों के लिए पहली फाइनल मेरिट लिस्ट 22 जुलाई को जारी होगी। इसके पहले 18 जुलाई तक कॉलेजों की दाखिला समितियाें द्वारा विद्यार्थियों के दस्तावेजों को सत्यापित किया जाएगा।