Dhigawa Mandi News: ढिगावा मंडी में इफको केंद्र पर डीएपी खाद के लिए लगी लंबी कतारें, सुबह 6 बजे से पहुंचे किसान
ढिगावा मंडी के इफको ई-बाजार केंद्र पर डीएपी खाद आते ही किसानों की भारी भीड़ जुट गई। सरसों की बिजाई से पहले खाद के लिए लंबी कतारें लग रही हैं।
ढिगावा मंडी स्थित इफको ई-बाजार केंद्र पर डीएपी खाद की खेप पहुंचने की सूचना मिलते ही बुधवार को किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात यह थे कि सुबह छह बजे से ही किसान केंद्र के बाहर लाइनों में अपनी बारी का इंतजार करने लगे। शाम चार बजे के बाद जब केंद्र पर 500 कट्टे डीएपी पहुंची, तब जाकर किसानों को राहत मिल सकी और उन्हें खाद वितरित की जा सकी।
🚜 रबी सीजन की बिजाई नजदीक, खाद के लिए बढ़ी किसानों की मुश्किलें
वर्तमान में एक ओर जहां मंडियों में फसल खरीद का कार्य चल रहा है, वहीं दूसरी ओर रबी सीजन की बिजाई का समय नजदीक आने के कारण खाद बिक्री केंद्रों पर किसानों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई हैं। विशेषकर सरसों की बुआई के लिए डीएपी की मांग बढ़ गई है। किसान जितेंद्र शर्मा, विजय, भानाराम और मंजीत ने बताया कि आसपास के करीब दो दर्जन गांवों के अन्नदाता यहां खाद लेने पहुंचते हैं, लेकिन आपूर्ति कम होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
📦 ऊंट के मुंह में जीरे के समान है 500 कट्टों की आपूर्ति
किसानों का कहना है कि भारी मांग के मुकाबले मात्र 500 कट्टे डीएपी मिलना 'ऊंट के मुंह में जीरे के समान' है। सरकार और प्रशासन को चाहिए कि समय पर खाद की मात्रा बढ़ाई जाए ताकि किसान बिना किसी तनाव के समय पर अपनी फसल की बिजाई कर सकें। वहीं, खाद विक्रेता अमित कुमार ने बताया कि बुधवार को आए 500 कट्टों को लगभग 100 किसानों में पांच-पांच कट्टे के हिसाब से वितरित किया गया है।